- पूर्व मेदिनीपुर में रेल सुविधा बढ़ने से लोगों में खुशी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
- स्टेशन बनने से बढ़ेगी कनेक्टिविटी और विकास
जेबी लाइव, रिपोर्टर
खड़गपुर : पूर्व मेदिनीपुर जिले के पांशकुड़ा–हल्दिया–दीघा रेलखंड पर प्रस्तावित नीलकुंठिया हॉल्ट स्टेशन के निर्माण को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। साउथ ईस्टर्न रेलवे द्वारा इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे तमलुक, नंदकुमार और मयना ब्लॉकों के लोगों में उत्साह का माहौल है। पांशकुड़ा–हल्दिया–दीघा पैसेंजर वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव सरोज घाड़ा ने बताया कि रेलवे के महाप्रबंधक पहले ही इस हॉल्ट स्टेशन के लिए धनराशि स्वीकृत कर चुके हैं। टेंडर की अंतिम तिथि 16 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जिसके बाद चयनित ठेकेदार निर्माण कार्य शुरू करेगा। यह स्टेशन लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग का हिस्सा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Muri : एन.ई. होरो की 101वीं जयंती पर झारखंड आंदोलनकारियों की बैठक आयोजित
टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से बढ़ी उम्मीदें
उन्होंने बताया कि इस रेलखंड पर तीन हॉल्ट स्टेशनों की मांग वर्षों से की जा रही थी, जिसमें नीलकुंठिया भी शामिल है। अन्य दो प्रस्तावित स्टेशनों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वहां प्रारंभिक कार्य भी शुरू कर दिया गया है, जिससे पूरी परियोजना को गति मिली है। सरोज घाड़ा ने इस उपलब्धि के लिए रेलवे प्राधिकरण के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूर्व सांसद दिव्येंदु अधिकारी, वर्तमान सांसद अभिजित गंगोपाध्याय और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के योगदान की सराहना की।
इसे भी पढ़ें : New Delhi : बारिश के बावजूद झुलसाएगी गर्मी, अप्रैल से जून तक मौसम का बदला मिजाज
जनप्रतिनिधियों और संगठनों के प्रयास रंग लाए
स्थानीय लोगों का मानना है कि नीलकुंठिया हॉल्ट स्टेशन बनने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा काफी बेहतर होगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों, छात्रों और छोटे व्यवसायियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा तटीय इलाकों में रेल नेटवर्क मजबूत होने से व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। लोगों ने उम्मीद जताई है कि निर्धारित समय पर निर्माण कार्य पूरा होने से क्षेत्र का समग्र विकास तेज होगा और यातायात की समस्याओं में कमी आएगी।























