- सेल के आयोजन में सैकड़ों लोगों ने लिया हिस्सा, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
किरीबुरू : झारखंड के किरीबुरू स्थित सेल की किरीबुरू आयरन ओर माइंस द्वारा रविवार को ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान के तहत एक भव्य मिनी साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने वाला एक जन-जागरूकता अभियान बनकर उभरा। सुबह की ताजगी और पहाड़ियों की हरियाली के बीच सैकड़ों साइकिलों की गूंज ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया। इस कार्यक्रम में सेल के अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे किरीबुरू फुटबॉल मैदान से हुई, जहां उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर साइक्लोथॉन को रवाना किया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : जर्जर पुलिया से गिरकर राजमिस्त्री की मौत, पीड़ित परिवार से मिलीं दुखनी सोरेन
अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी, फिटनेस को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में Dhirendra Mishra, Ram Singh, Naveen Kumar Sonkushre और Amit Kumar Vishwas उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिलों का काफिला फुटबॉल मैदान से निकलकर आर्चरी ग्राउंड होते हुए प्रॉस्पेक्टिंग क्षेत्र तक पहुंचा। इस दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महाप्रबंधक राम सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है और आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में साइक्लिंग को अपनाना बेहद जरूरी है। वहीं, धीरेन्द्र मिश्रा ने साइक्लिंग को फिटनेस के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत का सशक्त माध्यम बताया।
इसे भी पढ़ें : Mumbai : संगीत की मल्लिका Asha Bhosle का निधन, शिवाजी पार्क में होगा अंतिम संस्कार
पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने की पहल
इस मिनी साइक्लोथॉन की खास बात यह रही कि इसमें हर आयु वर्ग के लोगों ने भाग लेकर इसे एक जन-आंदोलन का रूप दे दिया। Steel Authority of India Limited (सेल) के इस प्रयास को ऐतिहासिक बताते हुए नवीन कुमार सोनकुश्रे ने कहा कि एचआर विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भारी जनभागीदारी समाज में बढ़ती स्वास्थ्य जागरूकता को दर्शाती है। आज जब दुनिया जलवायु परिवर्तन और वायु प्रदूषण जैसी समस्याओं से जूझ रही है, ऐसे में साइक्लिंग को बढ़ावा देना समय की मांग है। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्रों की सक्रिय भागीदारी ने इसे और भी जीवंत बना दिया। अंत में विभिन्न वर्गों के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में गीता कुमारी, प्रवीण मीणा, सी के बिस्वाल, अनिल कुमार, करुणाकर महतो, नमित मिश्रा, विजय गुप्ता, सूरज सिंह और जॉन पूर्ति सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






















