- कर्मचारियों की सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था और वेतन मुद्दों पर हुई चर्चा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मेघाहातुबुरु : मेघाहातुबुरु में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन और SAIL प्रबंधन के बीच द्विपक्षीय वार्ता का आयोजन जनरल ऑफिस के सभागार में किया गया। यह बैठक कर्मचारियों के हितों और स्थानीय समस्याओं को लेकर आयोजित की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन की ओर से कर्मचारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने, कार्यस्थल की समस्याओं को दूर करने और चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। घंटों चली इस बैठक में दोनों पक्षों ने विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया, जिससे कर्मचारियों के बीच सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें : Musabani : बंगोरा में निर्माणाधीन जल मीनार पर सवाल, घटिया सामग्री का हो रहा है उपयोग, दिखने लगी दरारें
मेडिकल सुविधा और रेफरल व्यवस्था को लेकर रखी गई प्रमुख मांगें
वार्ता के दौरान यूनियन ने मेडिकल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम मांगें रखीं। इसमें 12 सीटर एसी एम्बुलेंस की व्यवस्था, रेफरल के दौरान वाहन किराया उपलब्ध कराना, अपोलो रेफरल के लिए संशोधित किराया लागू करना और मेघाहातुबुरु मेडिकल डिस्पेंसरी में स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति शामिल है। साथ ही फिजियोथेरेपी सुविधा शुरू करने और जोड़ा रेफरल में भी वाहन किराया देने की मांग उठाई गई। यूनियन ने सीएसआर के तहत रेफरल प्रक्रिया में केवल मुखिया ही नहीं, बल्कि उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्यों को भी साइनिंग अथॉरिटी देने की बात कही, ताकि आम लोगों को सुविधा मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पेसा नियमावली लागू करने की मांग तेज, माझी-पारगना महाल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
समान वेतन और अटेंडेंस प्रणाली पर बनी सहमति
बैठक में “समान काम के लिए समान वेतन” और विभिन्न विभागों में समान अटेंडेंस लागू करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन ने श्याम, कुंदन और कमल के जूलॉजिकल एवं माइनिंग विभागों में समान अटेंडेंस सुनिश्चित करने की मांग रखी। लंबी चर्चा के बाद कई मुद्दों पर सहमति बन गई, जिससे कर्मचारियों में संतोष देखा गया। बैठक में एस.के. सिंह, अमित बिस्वास, धीरेन्द्र मिश्रा सहित प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि यूनियन की ओर से रामा पांडे, अफताब आलम, इंतेकाब आलम समेत कई सदस्य शामिल हुए।























