- राहे पंचायत अध्यक्ष के आकस्मिक निधन से सिल्ली क्षेत्र में शोक, दो मिनट मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
- श्रद्धांजलि सभा में नेताओं ने याद किए अर्जुन महतो के योगदान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : मुरी के राहे प्रखंड अंतर्गत उरांवडीह निवासी और जेएलकेएम के राहे पंचायत अध्यक्ष स्वर्गीय अर्जुन महतो की आत्मा की शांति के लिए रविवार को पुराना नगर विकास भवन में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में सैकड़ों कार्यकर्ता, समर्थक और ग्रामीण एकत्रित हुए और दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। जानकारी के अनुसार 4 मार्च को बिजली करंट लगने से अर्जुन महतो का आकस्मिक निधन हो गया था। इस दुखद घटना से पूरे सिल्ली विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पोस्टमार्टम के बाद 5 मार्च को उनके पैतृक गांव उरांवडीह में पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया था। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उन्हें एक मिलनसार, कर्मठ और समाज के प्रति समर्पित व्यक्ति बताते हुए उनके योगदान को याद किया।
इसे भी पढ़ें : Muri : मुरी में माकपा का जन आक्रोश जत्था, 24 मार्च को दिल्ली रैली का आह्वान
बिजली करंट से हुई जेएलकेएम नेता अर्जुन महतो की आकस्मिक मौत
सभा को संबोधित करते हुए जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अर्जुन महतो सरल स्वभाव के धनी और संगठन के मजबूत स्तंभ थे। उनका असमय निधन पार्टी और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि अर्जुन महतो हमेशा संगठन को मजबूत बनाने और लोगों की समस्याओं को उठाने में सक्रिय रहते थे। कार्यक्रम में दिवंगत नेता की पत्नी यमुना देवी, भाई शिव प्रसाद महतो, भाभी उगन देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। इसके अलावा जेएलकेएम के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता जैसे सुभाष महतो, जगदीश महतो, अनंत महतो, लक्ष्मी महतो समेत सैकड़ों की संख्या में समर्थक और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की शक्ति मिलने की कामना की।























