- निर्माणाधीन सड़क और लापरवाही बनी जानलेवा, ग्रामीणों में आक्रोश
- निर्माण कार्य की लापरवाही और अव्यवस्था से बढ़ते हादसे
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : गोला रोड पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में घायल युवक ने दो दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया। मृतक युवक असुर कोड़ा का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही और अंततः उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना ने एक बार फिर मुरी-गोला रोड की खतरनाक स्थिति को उजागर कर दिया है, जहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Chakulia : 150 वर्षों की परंपरा का साक्षी बासाड़ीहा: आस्था, संस्कृति और आंदोलन का संगम
दो दिन तक जिंदगी की जंग के बाद युवक ने तोड़ा दम
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही है। निर्माण कंपनी द्वारा सड़क को जगह-जगह खोदकर महीनों तक अधूरा छोड़ दिया जाता है, जिससे आवागमन बेहद जोखिमभरा हो गया है। केवल एक संकीर्ण रास्ता छोड़ा गया है, जिससे स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और आम लोग गुजरने को मजबूर हैं। बड़े वाहनों के आवागमन के दौरान छोटे वाहन असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। कुछ समय पहले प्रशासन द्वारा भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी, लेकिन उसका पालन नहीं हो रहा है। सड़क पर कहीं भी सुरक्षा संकेतक या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण स्कूली बसों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। इस मुद्दे पर राजनीति भी हुई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।























