Share

Musabani : मुसाबनी आकांक्षी प्रखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत, शत प्रतिशत लक्ष्य पर फोकस

  • नीति आयोग के छह प्रमुख इंडिकेटरों पर तीन माह का मिशन-मोड अभियान शुरू
  • 14 अप्रैल 2026 तक सभी लक्ष्यों को पूरा करने का संकल्प
  • प्रोजेक्ट उल्लास के तहत बेहतर कार्य करने वालों का सम्मान
  • जमीनी स्तर पर जीवन स्तर सुधारने की दिशा में ठोस पहल

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मुसाबनी : मुसाबनी आकांक्षी प्रखंड में नीति आयोग के निर्देशानुसार संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्रा तथा सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल उपस्थित रहे। संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आगामी तीन महीनों तक स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, महिला स्वास्थ्य एवं पशु स्वास्थ्य से जुड़े नीति आयोग के निर्धारित इंडिकेटरों में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए सघन अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि यह अभियान आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी में विकास के अंतर को पाटने और प्रमुख सार्वजनिक सेवाओं की पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर व्यय लेखा जांच एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

सामूहिक भागीदारी से लक्ष्य हासिल करने का आह्वान

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 की सफलता के लिए सभी विभागों, कर्मियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि संपूर्णता अभियान के पहले चरण में सेविका, सहिया और सामुदायिक चिकित्सा पदाधिकारियों के उत्कृष्ट कार्य के कारण मुसाबनी प्रखंड को नीति आयोग द्वारा सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया था। उन्होंने नागरिकों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और योजनाओं के क्रियान्वयन में सकारात्मक सहयोग देने की अपील की। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुदूरवर्ती गांवों और पंचायतों में जाकर लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ें तथा आवश्यक कागजात और प्रमाण पत्र बनवाने में भी सहायता करें।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक योजनाओं की पहुंच पर जोर

उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने कहा कि जिला प्रशासन 14 अप्रैल 2026 तक आकांक्षी प्रखंडों के लिए निर्धारित सभी छह प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया। अभियान के तहत आईसीडीएस योजना अंतर्गत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को शत प्रतिशत नियमित पूरक पोषण, आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के वजन और ऊंचाई का डिजिटल मापन, सभी संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, सभी स्कूलों में छात्राओं के लिए क्रियाशील शौचालय तथा पशुओं में खुरपका-मुंहपका रोग के विरुद्ध शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसे भी पढ़ें : Gua : टाटा डीएवी नोवामुंडी में वैदिक आशीर्वचन समारोह आयोजित

स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण पर विशेष फोकस

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने प्रोजेक्ट उल्लास के तहत मिर्गी रोगियों की पहचान, उपचार और नियमित मॉनिटरिंग के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी 22 से 26 फरवरी तक आयोजित विशेष शिविरों में मिर्गी रोगियों को लाकर समुचित इलाज प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट उल्लास में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, सामुदायिक चिकित्सा पदाधिकारियों और सहियाओं को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जेएसएलपीएस दीदियां, स्वास्थ्य सहिया, आंगनबाड़ी सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment

Jamshedpur : आजादनगर के हर बूथ पर एनडीए के कार्यकर्ता रहेंगे तैनात

मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर मरीना सिटी में एनडीए की रणनीतिक बैठक संपन्न फर्जी मतदान की कोशिश पर सख्त

  • मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर मरीना सिटी में एनडीए की रणनीतिक बैठक संपन्न
  • फर्जी मतदान की कोशिश पर सख्त रुख, हर बूथ पर कड़ी निगरानी
  • एमजीएम अस्पताल की बदहाली पर जदयू नेताओं का हमला
  • एनडीए प्रत्याशी संध्या सिंह को भारी बहुमत से जिताने का आह्वान
  • मानगो में एनडीए ने झोंकी पूरी ताकत

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर रविवार को मरीना सिटी, आजादनगर में एनडीए कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि चुनाव के दिन आजादनगर क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर एनडीए के कार्यकर्ता पूरी मजबूती और सतर्कता के साथ तैनात रहेंगे। नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी परिस्थिति में फर्जी मतदान नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी दबंग या असामाजिक तत्व ने फर्जी मतदान की कोशिश की तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। बैठक में बूथ स्तर पर समन्वय, मतदाताओं की सुरक्षा और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : हार के डर से प्रत्याशी घोषित नहीं कर रही झामुमो – अनिल मोदी

मानगो चुनाव में बूथ स्तर पर एनडीए की सख्त तैयारी

बैठक को संबोधित करते हुए जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने एमजीएम अस्पताल की बदहाल स्थिति को लेकर सत्ताधारी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह दावा करते हैं कि उन्होंने एमजीएम अस्पताल बनवाया, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। अस्पताल में मरीजों के लिए पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। जिन मरीजों का ऑपरेशन जरूरी है, उनका इलाज समय पर नहीं हो पा रहा है। नगर निगम से पानी मंगवाकर अस्पताल का काम चलाया जा रहा है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में मरीज जीते-जी मरने को मजबूर हैं और यही सच्चाई जनता के सामने लाने की जरूरत है।

इसे भी पढ़ें : Musabani : मुसाबनी आकांक्षी प्रखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत, शत प्रतिशत लक्ष्य पर फोकस

एमजीएम अस्पताल की स्थिति पर उठे गंभीर सवाल

वरीय जदयू नेता आशुतोष राय ने कहा कि चुनाव के समय कई तरह के लोग बड़े-बड़े वादे और सपने दिखाने आते हैं। ऐसे लोगों को सम्मानपूर्वक नमस्ते जरूर करें, लेकिन वोट केवल एनडीए समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह को ही दें। युवा जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह ने कहा कि कुछ लोग कदमा से आकर मानगो का मेयर बनना चाहते हैं, जो मानगो की जनता का अपमान है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मानगो में मेयर पद के योग्य लोग नहीं हैं। पप्पू सिंह ने बताया कि वह पिछले 32 महीनों से संघर्ष कर रहे हैं। मेयर चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद उन्हें पार्टी से निकाला गया, आधा दर्जन मुकदमे दर्ज कराए गए और घरों पर छापेमारी करवाई गई, लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस चुनाव में संध्या सिंह की जीत तय है और वह भी भारी बहुमत से। बैठक की अध्यक्षता युवा जदयू के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने किया। बैठक में बरकट्ठा के भाजपा विधायक अमित यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Jamshedpur : हार के डर से प्रत्याशी घोषित नहीं कर रही झामुमो – अनिल मोदी

जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने झामुमो पर साधा तीखा निशाना प्रत्याशी घोषित न करना करारी हार की स्वीकारोक्ति

  • जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने झामुमो पर साधा तीखा निशाना
  • प्रत्याशी घोषित न करना करारी हार की स्वीकारोक्ति – अनिल मोदी
  • विकास नहीं, तुष्टिकरण की राजनीति कर रही झामुमो : भाजपा
  • भाजपा ने जताया जुगसलाई में बड़ी जीत का दावा

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री अनिल मोदी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर जोरदार हमला बोला है। सोमवार को जारी बयान में अनिल मोदी ने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में झामुमो द्वारा अब तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं किया जाना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि पार्टी ने अपनी करारी हार पहले ही स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि झामुमो की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि वह यह तय ही नहीं कर पा रही है कि जनता के सामने किस चेहरे को उतारे। जुगसलाई की जनता वर्षों से झामुमो के शासनकाल में विकास के नाम पर केवल आश्वासन ही देखती रही है, जिससे पार्टी का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है। यही वजह है कि झामुमो प्रत्याशी घोषित करने से डर रही है।

इसे भी पढ़ें : Musabani : मुसाबनी आकांक्षी प्रखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत, शत प्रतिशत लक्ष्य पर फोकस

जुगसलाई में झामुमो की रणनीति पर उठे सवाल

अनिल मोदी ने आगे कहा कि झामुमो के एजेंडे में जुगसलाई का विकास कभी रहा ही नहीं। सत्ता में रहते हुए पार्टी ने जुगसलाई को सिर्फ वोट बैंक की राजनीति तक सीमित रखा। आज हालात यह हैं कि जुगसलाई की सड़कें बदहाल हैं, जगह-जगह जलजमाव आम समस्या बन चुकी है, स्वच्छता व्यवस्था चरमराई हुई है और आम नागरिक बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी निश्चित पराजय को सामने देखकर झामुमो अब विकास की राजनीति छोड़कर मजहब और तुष्टिकरण की राजनीति पर उतर आई है। लेकिन जुगसलाई की जनता अब किसी भी तरह के बहकावे में आने वाली नहीं है। अनिल मोदी ने विश्वास जताया कि इस बार जनता विकास के नाम पर वोट करेगी। उन्होंने कहा कि जुगसलाई की प्रबुद्ध जनता ने मन बना लिया है और इस चुनाव में झामुमो को करारा जवाब देगी। भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह सहित सभी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाकर जनता अपना आशीर्वाद देगी।

Jamshedpur : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर व्यय लेखा जांच एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया क्षेत्र के उम्मीदवारों को दी गई निर्वाचन व्यय की जानकारी आदर्श आचार संहिता के पालन पर

  • मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया क्षेत्र के उम्मीदवारों को दी गई निर्वाचन व्यय की जानकारी
  • आदर्श आचार संहिता के पालन पर दिया गया विशेष जोर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देशानुसार नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के अंतर्गत मानगो नगर निगम क्षेत्र, जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र एवं चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए व्यय लेखा जांच एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि पर अपने निर्वाचन व्यय से संबंधित विवरण व्यय कोषांग में जमा करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में गठित व्यय लेखा अनुश्रवण कोषांग द्वारा अभ्यर्थियों को निर्वाचन व्यय लेखा, व्यय पंजियों के संधारण एवं जांच की प्रक्रिया का विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

व्यय लेखा संधारण को लेकर प्रत्याशियों को मिला प्रशिक्षण, तीन चरणों में होगी व्यय लेखा की जांच

प्रशिक्षण कार्यक्रम में बताया गया कि अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय लेखा की जांच तीन चरणों में की जाएगी। प्रथम जांच 12 फरवरी 2026, द्वितीय जांच 16 फरवरी 2026 तथा तृतीय जांच 20 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 5 बजे तक निर्धारित है। मानगो नगर निगम एवं जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए जांच स्थल वाणिज्य कर कार्यालय, जमशेदपुर (ट्रेजरी कार्यालय के सामने) निर्धारित किया गया है, जबकि चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के लिए जांच स्थल प्रखंड कार्यालय परिसर, चाकुलिया रहेगा। इसके अलावा निर्वाचन अवधि में आदर्श आचार संहिता के तहत चुनाव प्रचार-प्रसार गतिविधियों के संचालन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद सहित सभी प्रत्याशी एवं उनके अभिकर्ता उपस्थित थे।

Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के नेतृत्व में सुरक्षा व प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा राष्ट्रपति दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

  • उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के नेतृत्व में सुरक्षा व प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा
  • राष्ट्रपति दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

जेबी लाइव, रिपोर्ट

जमशेदपुर : भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगामी 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर परिभ्रमण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के नेतृत्व में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने कदमा स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल का लेआउट प्लान, यातायात प्रबंधन, वैकल्पिक रूट, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, साफ-सफाई एवं भवन संबंधी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसे भी पढ़ें : Gua : टाटा डीएवी नोवामुंडी में वैदिक आशीर्वचन समारोह आयोजित

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति का जमशेदपुर आगमन जिला प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और गौरव का विषय है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार करने पर जोर दिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि राष्ट्रपति के दौरे को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

Gua : टाटा डीएवी नोवामुंडी में वैदिक आशीर्वचन समारोह आयोजित

कक्षा 10 और 12 के परीक्षार्थियों के लिए प्रेरणा और अध्ययन पर केंद्रित आयोजन वैदिक मंत्रों के साथ शुरू हुआ

  • कक्षा 10 और 12 के परीक्षार्थियों के लिए प्रेरणा और अध्ययन पर केंद्रित आयोजन
  • वैदिक मंत्रों के साथ शुरू हुआ आशीर्वचन समारोह
  • प्राचार्य ने दिया प्रेरक संदेश, कार्यक्रम का समापन शांति पाठ से
  • बोर्ड परीक्षाओं के लिए बच्चों में मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल नोवामुंडी में वैदिक आशीर्वचन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 10 एवं 12 के कुल 140 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मधुस्मिता जेना (प्रेरणा महिला समिति अध्यक्ष) सहित प्रियंका रंजन, अभिश्वेता त्रिपाठी, श्रावणी विश्वास, पम्मी सिंह एवं मधुमिता मिश्रा उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत शॉल, मेमेंटो और पुष्प गुच्छ देकर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रों के साथ हवन द्वारा की गई, जिसमें वरिष्ठ संस्कृत शिक्षक सुरेश पंडा और डीएवी गुवा से पधारे धर्म शिक्षक आशुतोष शास्त्री ने सहयोग किया। विद्यालय के संगीत शिक्षक अरविंद ठाकुर ने आर्य समाज के भजनों के साथ भक्तिमय वातावरण बनाया। हवन के पश्चात प्रतिभागी बच्चों पर वैदिक मंत्रों के साथ पुष्प वर्षा की गई। मुख्य अतिथि मधुस्मिता जेना ने बच्चों को उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता का आधार है और विद्यार्थी इसे अपनाकर आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल अस्पताल के समीप अधूरी पुलिया बनी राहगीरों के लिए खतरा

छात्रों में अध्ययन और मेहनत के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास

विद्यालय के प्राचार्य श्री प्रशांत कुमार भूईयां ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि वैदिक आशीर्वचन बच्चों पर अपने प्रेम और मार्गदर्शन का एक माध्यम है। उन्होंने सभी से धैर्य और लगन के साथ पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। ध्वनि व्यवस्था में शिक्षक राजेश राम ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और राष्ट्रगान के साथ किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों के मन में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने वाला था, बल्कि उन्हें अपने शैक्षणिक लक्ष्य की दिशा में प्रेरित करने वाला भी साबित हुआ।

Gua : गुवा सेल अस्पताल के समीप अधूरी पुलिया बनी राहगीरों के लिए खतरा

स्थानीय लोग प्रशासन से निर्माण कार्य पूर्ण और सुरक्षा उपाय लागू करने की कर रहे हैं मांग रात में स्थिति

  • स्थानीय लोग प्रशासन से निर्माण कार्य पूर्ण और सुरक्षा उपाय लागू करने की कर रहे हैं मांग
  • रात में स्थिति और भी खतरनाक, आंदोलन की चेतावनी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : गुवा सेल अस्पताल के समीप मुख्य सड़क पर झारखंड सरकार द्वारा कराया जा रहा पुलिया निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे आम लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। बताया गया कि वर्ष 2025 की दुर्गा पूजा से पूर्व इस पुलिया का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के कारण अब तक यह कार्य पूरा नहीं हो सका। अधूरे निर्माण के कारण सड़क पर गड्ढे, असंतुलित ढलान और सुरक्षा घेराबंदी के अभाव में मोटरसाइकिल चालक और पैदल राहगीर अक्सर फिसलकर गिर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-बड़ी कई दुर्घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

इसे भी पढ़ें : Gua : डीएवी चिड़िया में 10वीं के विद्यार्थियों का भावपूर्ण विदाई समारोह

राहगीरों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि रात के समय इस क्षेत्र की स्थिति और भी भयावह हो जाती है क्योंकि उचित लाइटिंग और चेतावनी संकेतक भी नहीं लगाए गए हैं। लोगों ने झारखंड सरकार और संबंधित विभाग से अनुरोध किया है कि पुलिया निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। साथ ही अस्थायी सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे मजबूरन मुख्य सड़क को जाम कर आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन पर होगी। इस मौके पर लोगों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से आग्रह किया कि निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जाए और आम जनता के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top