- 26 मंत्रियों ने शपथ ली, बीजेपी ने नए चेहरों पर लगाया दांव—महिलाओं और युवाओं को बड़ी हिस्सेदारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शुक्रवार को भव्य समारोह के बीच नीतीश कुमार ने दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 26 मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी ने इसे एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया। हजारों की उमड़ी भीड़ के बीच जैसे ही नीतीश कुमार ने शपथ के शब्द दोहराए, पूरा मैदान उत्साह से गूंज उठा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला में सड़क हादसा : अज्ञात वाहन की टक्कर से 19 वर्षीय युवक की मौत, दोस्त गंभीर घायल
नीतीश कुमार 2005 से लगातार बिहार की राजनीति के केंद्र रहे हैं और इस शपथ के साथ उन्होंने एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। इस बार के चुनाव में एनडीए ने 202 सीटें जीतकर सत्ता में मजबूत वापसी की। बीजेपी ने 89, जेडीयू ने 85, लोजपा (आर) ने 19, RLM ने 4 और हम ने 5 सीटें हासिल कीं। नए कैबिनेट में बीजेपी ने सिर्फ 5 पुराने मंत्रियों—सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, नितिन नबीन और दिलीप जायसवाल—को दोबारा मौका दिया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : चतुर्थ बाल मेले में बच्चों की अनोखी प्रतिभा का जलवा, विज्ञान के शानदार मॉडल बने आकर्षण का केंद्र
बीजेपी ने इस बार छह नए चेहरों—रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, रमा निषाद और लखेंद्र कुमार रोशन—को मंत्री पद देकर नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, जो पार्टी की नई रणनीति और महिला प्रतिनिधित्व के बढ़ते महत्व को दर्शाता है। सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद दूसरे नंबर पर शपथ लेकर कैबिनेट में अपनी अहम भूमिका तय कर दी है। नए चेहरों के शामिल होने से उम्मीद जताई जा रही है कि यह कैबिनेट अनुभव और ऊर्जा का संतुलित मेल साबित होगा।


























