- सत्ता–विपक्ष ने जताया समर्थन, अनुभवी नेता के चयन पर सदन में खुशी का माहौल
- मंत्रियों ने की सराहना—‘गरिमा और अनुभव दोनों से सदन होगा मजबूत’
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बिहार विधानसभा में मंगलवार को ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब 9 बार के विधायक प्रेम कुमार सर्वसम्मति से विधानसभा के 18वें अध्यक्ष (स्पीकर) चुने गए। उन्होंने एक दिन पहले ही अपना नामांकन दाखिल किया था और वे इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे, जिसके कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया। विजय कुमार सिन्हा और नंदकिशोर यादव के बाद प्रेम कुमार भाजपा कोटे से तीसरे अध्यक्ष बने हैं। सदन में उनके चयन का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि प्रेम कुमार का अनुभव विधानसभा संचालन में बेहद उपयोगी होगा। मुख्यमंत्री ने पूरे सदन से आग्रह किया कि वे खड़े होकर नए अध्यक्ष का सम्मान करें। हालांकि इस दौरान कुछ विपक्षी सदस्य बैठे रहे, जिस पर मुख्यमंत्री ने हल्का सा तंज भी किया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : झारखंड में शराब महंगी, सीमावर्ती इलाकों में बिक्री घटी; ओडिशा से बढ़ी तस्करी व राजस्व हानि की आशंका
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बोले—लंबा अनुभव सदन के लिए उपयोगी
विपक्ष की ओर से भी प्रेम कुमार को पूर्ण समर्थन मिला। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि अध्यक्ष ऐसे निर्वाचन क्षेत्र से आते हैं, जो भगवान विष्णु और भगवान बुद्ध जैसे पवित्र स्थलों से जुड़ा है। तेजस्वी ने कहा कि विपक्ष सरकार के लिए आईना होता है और अक्सर सरकार को अपनी कमियाँ दिखाई नहीं देतीं, इसलिए अपेक्षा है कि अध्यक्ष विपक्ष को और अधिक अवसर देंगे। इस बीच प्रेम कुमार ने सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी दलों के सहयोग से सदन को सुचारू रूप से चलाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपाध्यक्ष का चुनाव भी महत्वपूर्ण है और इसे 4 दिसंबर को कराया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : शेफर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल धर्मडीह में विज्ञान प्रदर्शनी, छात्रों के मॉडल ने बटोरी वाहवाही
तेजस्वी यादव ने कहा—अध्यक्ष विपक्ष को ज्यादा महत्व देंगे
बिहार सरकार के मंत्रियों ने भी प्रेम कुमार के चयन का स्वागत किया। मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि प्रेम कुमार का कार्यकाल लंबा रहा है और उनकी विनम्रता तथा अनुभव इस पद की गरिमा बढ़ाएंगे। वहीं मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि प्रेम कुमार गया की पावन धरती से आते हैं और विधानसभा के कार्यों का उन्हें गहरा अनुभव है। पूरे सदन ने नए अध्यक्ष को शुभकामनाएँ दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में सदन का संचालन और अधिक प्रभावी होगा। दिनभर की कार्यवाही स्थगित करने से पहले अध्यक्ष ने सभी से सहयोग की अपेक्षा जताई।


























