- विजय बजरंग अखाड़ा के आयोजन में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर में रामनवमी के पावन अवसर पर विजय बजरंग अखाड़ा द्वारा भव्य हनुमान झांकी निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच निकली इस झांकी ने पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया। झांकी में भगवान हनुमान की भक्ति को आकर्षक और जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। झांकी हल्दीपोखर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर और जल अर्पित कर स्वागत किया। जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया और माहौल में आस्था की झलक साफ दिखाई दी।
इसे भी पढ़ें : Muri : नवमी पूजा पर मुरी-बुढाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
परंपरा और आस्था का अनूठा संगम
इस दौरान एक विशेष परंपरा के तहत श्रद्धालुओं ने झांकी में शामिल हनुमान जी और राक्षस स्वरूप पात्रों को पानी से स्नान कराकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। झांकी के माध्यम से भगवान राम के प्रति हनुमान जी की अटूट भक्ति और समर्पण को जीवंत रूप में दर्शाया गया, जिसने लोगों को भाव-विभोर कर दिया। रामनवमी के अवसर पर पूरे पोटका क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। घर-घर में बजरंगबली के ध्वज लगाए गए और लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस आयोजन ने सामाजिक एकता और धार्मिक उत्साह को भी मजबूती दी।























