- विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित, पॉक्सो एक्ट और सड़क सुरक्षा पर दी अहम जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका क्षेत्र के उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय, चाकड़ी एवं कोवाली में कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को नशा, बाल विवाह, दहेज प्रथा, पॉक्सो एक्ट और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा पीढ़ी तेजी से नशे की ओर आकर्षित हो रही है, जो समाज के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। नशा न केवल व्यक्ति को, बल्कि उसके पूरे परिवार को प्रभावित करता है, इसलिए इससे दूर रहना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने छात्रों को उनके कानूनी अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया।
इसे भी पढ़ें : Gua : बस सेवा बंद होते ही ठप हुई बच्चों की पढ़ाई, CSR पर उठे सवाल
बाल विवाह रोकने और यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान मुकेश कुमार साव ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा और भविष्य दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने समाज से इस कुरीति को खत्म करने की अपील की। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सभी को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए और 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन नहीं चलाना चाहिए। उन्होंने छात्रों को यह भी भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या या परेशानी की स्थिति में वे सीधे कोवाली थाना से संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्रों को एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया गया।























