- एनएच-18 और 43 पर फ्लाईओवर व अंडरपास निर्माण से सुरक्षित और सुगम होगा यातायात
- विकास परियोजना से बढ़ेगा व्यापार और रोजगार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में ₹80.24 करोड़ की सड़क परियोजना को अंतिम मंजूरी मिल गई है। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के प्रयासों से राष्ट्रीय राजमार्ग-18 और 43 पर सुरक्षा और यातायात को बेहतर बनाने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। लंबे समय से इन सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक और ब्लैक स्पॉट्स के कारण दुर्घटनाएं आम हो गई थीं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद महतो ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष मामला उठाया था, जिसके बाद अब इस परियोजना को हरी झंडी मिल गई है।
इसे भी पढ़ें : Kolkata : दक्षिण पूर्व रेलवे को मिला नया महाप्रबंधक, सौमित्र मजूमदार ने संभाला कार्यभार
सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम, केंद्र से मिली मंजूरी
इस परियोजना के तहत बहरागोड़ा के प्रमुख जंक्शनों का कायाकल्प किया जाएगा। एनएच-43 और एनएच-32 के संगम स्थल पर सर्विस रोड के साथ एक फ्लाईओवर का निर्माण होगा, जिससे भारी वाहन बिना बाधा के गुजर सकेंगे और शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इसके अलावा बहरागोड़ा बस स्टैंड और पीडब्ल्यूडी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में अंडरपास बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों को तेज रफ्तार वाहनों के खतरे से राहत मिलेगी। एनएच-18 पर भी आवश्यक स्थानों पर सर्विस रोड और अंडरपास का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इसे भी पढ़ें : Gua : डीएवी पब्लिक स्कूल चिड़िया में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, बच्चों में खुशी की लहर
फ्लाईओवर और अंडरपास से बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम
सांसद विद्युत वरण महतो ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए “जीवन रेखा” बताते हुए खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ईपीसी (Engineering, Procurement and Construction) मोड पर लागू की जाएगी, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित होंगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेसर्स एस.आर. कंस्ट्रक्शन को इसका जिम्मा सौंपा गया है। इस योजना के शुरू होने की खबर से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में उत्साह है, क्योंकि इससे न केवल यात्रा सुरक्षित और आसान होगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।