- 30 करोड़ की योजना में तेजी और सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर
- तुरंत सुधार के आदेश, खंभों को सड़क से दूर किया जाएगा
- भ्रष्टाचार रोकने के लिए ग्रामीणों से की जागरूकता अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका के विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को प्रखंड के विभिन्न गांवों में मुख्यमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत चल रहे विद्युत सुदृढ़ीकरण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस योजना के तहत पोटका, जादूगोड़ा एवं हाता सेक्शन में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत व्यवस्था सुधार का कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्य में गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में पशुपालन विभाग की पहल, किसानों को वितरित किए गए सूअर
विधायक ने निरीक्षण में पाया कार्य में लापरवाही
निरीक्षण के दौरान विधायक संजीव सरदार तुड़ी गांव पहुंचे, जहां कार्य एजेंसी द्वारा टाटा-हाता मुख्य पथ के किनारे बिजली के खंभे लगाए गए थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जादूगोड़ा के सहायक विद्युत अभियंता मो. सैफुदिन को सभी खंभों को सड़क से दूर स्थानांतरित करने का आदेश दिया, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की गति तेज करने और बारिश से पूर्व सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश भी दिया, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : गरीबी के बीच इंसानियत की मिसाल, श्राद्ध कार्य के लिए आगे आए जनप्रतिनिधि
सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर दिया जोर
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि कुछ स्थानों से यह शिकायत मिली है कि ठेकेदार और कर्मियों की मिलीभगत से कार्य के एवज में अवैध रूप से पैसे मांगे जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी ग्रामीण इस कार्य के लिए किसी को पैसा न दे और यदि कोई मांग करता है तो इसकी जानकारी सीधे उन्हें दें। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पहल से ग्रामीणों में विश्वास और योजना के सही क्रियान्वयन की उम्मीद बढ़ी है।






















