- पोटका के छात्र जयंत सिंह का एडमिट कार्ड नहीं आने पर विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
- फॉर्म जमा नहीं होने की वजह से एडमिट कार्ड जारी नहीं हुआ – प्रधानाध्यापक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के पावरू उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा 5 के छात्र जयंत सिंह का एकलव्य आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा का एडमिट कार्ड नहीं आने से परिजनों में नाराजगी देखी जा रही है। छात्र की मां संतरा सरदार और चाचा संजय सरदार ने बताया कि जयंत सिंह को एकलव्य आवासीय विद्यालय में दाखिला दिलाने के लिए परिवार ने काफी उम्मीदें लगाई थीं और उसकी तैयारी भी कराई गई थी। उन्होंने कहा कि प्रवेश परीक्षा के लिए फॉर्म भरकर विद्यालय में जमा किया गया था, लेकिन परीक्षा के समय एडमिट कार्ड नहीं आने के कारण वह परीक्षा में शामिल नहीं हो सका। परिजनों का आरोप है कि यह विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही का परिणाम है, जिससे बच्चे का भविष्य प्रभावित हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में ‘रन फॉर हेल्प’ मैराथन, धनंजय महतो ने हासिल किया पहला स्थान
एडमिट कार्ड नहीं मिलने से छात्र की परीक्षा छूटी, परिजनों में नाराजगी
परिजनों ने कहा कि वे इस मामले को लेकर जिला शिक्षा अधीक्षक और उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की मांग करेंगे, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र के साथ ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार ने बताया कि एकलव्य आश्रम विद्यालय और एकलव्य आवासीय विद्यालय के लिए विद्यालय से कुल 21 छात्रों के फॉर्म भरे गए थे। सभी फॉर्म शिक्षक सुभाष चंद्र सरदार द्वारा जमा किए गए थे और उन सभी छात्रों के एडमिट कार्ड भी जारी हो चुके हैं। प्रधानाध्यापक के अनुसार जयंत सिंह का फॉर्म विद्यालय में जमा नहीं होने के कारण ही उसका एडमिट कार्ड जारी नहीं हो पाया।























