- घाट निर्माण से आदिवासी समाज को मिलेगी बड़ी सुविधा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जमशेदपुर प्रखंड के बागबेड़ा स्थित कांचा मैदान में नवनिर्मित सुतानी घाट का पूजन कार्यक्रम रविवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पोटका के विधायक संजीव सरदार मुख्य रूप से उपस्थित रहे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। घाट निर्माण को लेकर लंबे समय से क्षेत्र में मांग उठ रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : दिव्येन्दु त्रिपाठी की दो पुस्तकों का भव्य लोकार्पण
सामुदायिक विकास को प्राथमिकता देने का भरोसा
सुतानी घाट के निर्माण से विशेष रूप से आदिवासी समाज के लोगों को अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में सुविधा मिलेगी। पूर्व में समुचित व्यवस्था के अभाव में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विधायक संजीव सरदार ने कहा कि समाज की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रखंड सचिव जगत मार्डी, झामुमो नेता लिखेदर सरदार, समाज के बुद्धिजीवी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।























