- भक्ति और उत्साह से गूंजा गांव, वैदिक विधि-विधान से शुरू हुआ धार्मिक अनुष्ठान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
राजनगर : राजनगर प्रखंड के खैरबनी गांव में भक्तों के सहयोग से निर्मित नवनिर्मित हरि मंदिर की प्रतिष्ठा के अवसर पर गुरुवार सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में गांव की 300 से अधिक महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाएं करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित नदी से जल भरकर कलश लेकर वापस लौटीं। इस दौरान कीर्तन मंडली और बैंड की धुनों के साथ “राधे-राधे” और “हरे कृष्ण” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में माँ मंगला उषा पूजा का भव्य आयोजन
कलश यात्रा से बढ़ती है धार्मिक एकता
कलश यात्रा के बाद वैदिक रीति-रिवाजों के साथ मंदिर की प्रतिष्ठा का कार्य प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम में माताजी आश्रम के सुनील कुमार दे, कृष्ण पद मंडल, हरे मोहन मंडल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिष्ठा पूर्ण होने के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि शुक्रवार को मंदिर में अष्टम प्रहर अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन होगा। यह परंपरा झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा है, जो समाज में भक्ति, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करती है।























