- कांके थाना कांड में दर्ज केस पर न्यायालय ने सुनवाई के बाद दी अग्रिम जमानत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में देवेंद्र नाथ महतो को बड़ी कानूनी राहत मिली है। रिम्स-2 जमीन बचाओ आंदोलन से जुड़े मामले में उन्होंने व्यवहार न्यायालय में सशरीर उपस्थित होकर जमानत याचिका दाखिल की, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। उनके वरीय अधिवक्ता सष्टी रंजन महतो के अनुसार, कांके थाना कांड संख्या 228/25 के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। माननीय न्यायाधीश मिथिलेश कुमार सिंह की पीठ ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उन्हें अग्रिम जमानत प्रदान की। यह फैसला उनके समर्थकों और आंदोलन से जुड़े लोगों के लिए राहत भरा माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा चल रही थी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में सड़क दुर्घटना में जख्मी महिला को डालसा पीएलवी वैन ने पहुंचाया टीएमएच
जमीन संरक्षण आंदोलन जारी रखने का किया ऐलान
जमानत मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट कहा कि आदिवासी-मूलवासी की जमीन बचाने का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस आंदोलन से घबरा गई है और इसे दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उनका संघर्ष नहीं रुकेगा। गौरतलब है कि 24 अगस्त 2025 को कांके अंचल के मौजा नगड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित रिम्स-2 परियोजना के विरोध में जोरदार आंदोलन हुआ था, जिसमें ग्रामीणों और रैयतों के समर्थन में वे मौजूद थे। इसी घटना के बाद उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब जमानत मिलने के बाद आंदोलन को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।























