- विज्ञान में रुचि और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल बनी प्रदर्शनी
- विद्यार्थियों ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग से लेकर इरिगेशन सिस्टम तक किए मॉडल प्रस्तुत
- प्रदर्शनी में टीम वर्क और विज्ञान की समझ ने जीता सबका दिल, बच्चों में दिखा आत्मविश्वास
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला स्थित कुमार विजय प्रताप सिंहदेव मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में शनिवार को आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों ने ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, गणितीय अवधारणाओं और दैनिक जीवन में विज्ञान की भूमिका पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना और उनकी प्रायोगिक क्षमता को मंच देना था। प्रधानाध्यापक नारायण कुमार ने कहा कि “ऐसे आयोजन बच्चों को समाजोपयोगी विज्ञान की ओर प्रेरित करते हैं।” निर्णायक मंडली में विज्ञान शिक्षक बच्चू पाल और कौशलाधीश कुमार मांझी ने मॉडल का गहन परीक्षण कर छात्रों से संवाद किया।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : झामुमो की चेतावनी के बाद नोवामुंडी-बड़ाजामदा सड़क की मरम्मत शुरू, जनता को मिली राहत
छात्रों ने मॉडल्स में दिखाई समाज के प्रति वैज्ञानिक चेतना, शिक्षकों ने की सराहना
प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार प्लास्टिक मैनेजमेंट मॉडल को मिला, जिसे खुशी साहू, अमृता साव, सलोनी मंडल, अदिति मोहंती और तनीषा साहू ने मिलकर तैयार किया था। द्वितीय पुरस्कार ‘स्टेट एंड कैपिटल डिटेक्टर प्रोजेक्ट’ को मिला, जिसे राजलक्ष्मी कुमारी, हंसिका भगत और श्रेया सतपति ने तैयार किया। वहीं तृतीय पुरस्कार रितिका सिंह को स्प्रिंकलर इरिगेशन सिस्टम के लिए मिला। इस आयोजन में विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार, मनोरंजन कुमार, विजय कुमार महतो, शिव पद महतो सहित अन्य शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रदर्शनी ने छात्रों में नवाचार, टीम वर्क और सामाजिक सरोकार को गहराई से जोड़ा।