- गुप्त सूचना पर कार्रवाई, लंबे समय से फरार शेख राजा को भेजा गया जेल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में चोरी के एक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शेख राजा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 में क्षेत्र के एक घर में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें दो आरोपियों ने मिलकर कीमती सामानों की चोरी की थी। इस घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश था और पुलिस पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और पहले ही एक आरोपी यासीर अंसारी उर्फ यसीर बच्चा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसे भी पढ़ें : Adityapur : सतपथी होटल की मालकिन शान्तिलता सतपथी का निधन, आदित्यपुर में शोक की लहर
2025 के चर्चित चोरी कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दूसरा आरोपी शेख राजा घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। अंततः गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर उसे धर दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच लगभग पूरी कर ली गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। साथ ही क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।























