- परिवार के बाहर रहने का फायदा उठाकर बदमाशों ने तोड़ा ताला, इलाके में दहशत
- चोरी की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पाकुड़गोड़ा में बीती रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली। घटना रात लगभग 1 बजे के आसपास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार घर के मालिक राज पांडे अपने परिवार के साथ किसी निजी काम से बिहार के आरा जिले गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती गहनों के साथ नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह आसपास के लोगों को घर का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। चोरी की इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सोनारी की लापता युवती 8 दिन बाद सकुशल बरामद, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
बंद घरों को निशाना बना रहे चोर, इलाके में बढ़ी चिंता
घटना की सूचना मिलने के बाद घर के मालिक राज पांडे ने तुरंत 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को जानकारी दी। हालांकि परिजनों का आरोप है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच करने के बजाय शिकायतकर्ता को ही डांटने लगी। पुलिसकर्मियों ने कहा कि 100 नंबर पर कॉल करने के बजाय सीधे थाना में जाकर लिखित शिकायत देनी चाहिए थी। इस रवैये से परिजन काफी नाराज और मायूस नजर आए। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस को इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, ताकि इलाके में सुरक्षा का माहौल बन सके।























