- नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा समारोह, दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता पर भी दिया गया जोर
- ग्रामीण क्षेत्र के इस विद्यालय में बच्चों की प्रतिभा ने बढ़ाया समारोह का उत्साह
- शिक्षा के साथ सामाजिक मूल्यों की सीख दे रहा शेफर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : शेफर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल धर्मडीह का 10वां वार्षिक उत्सव बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपने शानदार नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों ने “हम हैं राही प्यार के, फिर मिलेंगे चलते-चलते” जैसे गीतों की धुन पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर के वैज्ञानिक आर. एल. पटनायक तथा विशिष्ट अतिथि जादूगोड़ा थाना के एएसआई प्रीतम राज थे। स्कूल के प्राचार्य पवन कुमार और निर्देशक मुद्रिका शर्मा की मौजूदगी में छात्रों ने अतिथियों का आरती उतारकर और तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि आर. एल. पटनायक ने विद्यालय के दस वर्षों के सफर को बेमिसाल बताते हुए कहा कि यहां के छात्र अल्फा श्रेणी के हैं और आधुनिक तकनीक के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नीलडीह ब्रिज पर युवक पर जानलेवा हमला, 15-20 लोगों ने किया हमला
शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता पर भी विद्यालय का विशेष फोकस
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के संस्थापक मुद्रिका शर्मा ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर भी बच्चों को जागरूक किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से विद्यालय में दहेज प्रथा के खिलाफ बच्चों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि समाज में इस कुप्रथा को खत्म किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि कक्षा आठवीं, नौवीं और दसवीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है, जिसके पीछे शिक्षकों की कड़ी मेहनत और छात्रों की लगन है। विद्यालय में बच्चों के बौद्धिक और रचनात्मक विकास के लिए समय-समय पर विज्ञान प्रदर्शनी, ट्रैफिक नियम जागरूकता कार्यक्रम, बाल दिवस समारोह सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी पाठ पढ़ाया जाता है।






















