कांग्रेस नेताओं ने निर्माण कार्य की जांच और दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की
प्राक्कलन के अनुसार सड़क निर्माण की जांच की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कुलडीहा मुख्य पथ से राखा माइंस रेलवे स्टेशन तक बन रही 420 मीटर पीसीसी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। बुधवार को कांग्रेस जिला सचिव जयराम हांसदा के नेतृत्व में सुबोध सिंह सरदार और गोविंदा महली ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जयराम हांसदा ने आरोप लगाया कि सड़क की ढलाई के महज तीन-चार दिन बाद ही कई स्थानों पर दरारें पड़ गई हैं। कई जगह गिट्टी बाहर दिखाई दे रही है और सड़क की सतह से सीमेंट का डस्ट उड़ रहा है। इसे लेकर उन्होंने सीमेंट की गुणवत्ता और इस्तेमाल की गई मात्रा पर भी सवाल उठाए।
इसे भी पढ़ें : Potka : यशराज मुर्मू दूसरी बार बने जदयू के पोटका प्रखंड अध्यक्ष
नई सड़क में दरारों से उठे निर्माण गुणवत्ता पर सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़क की पीसीसी ढलाई की मोटाई भी कई जगह अलग-अलग दिखाई दे रही है। निरीक्षण के दौरान कहीं चार, कहीं छह और कहीं आठ इंच मोटी ढलाई होने की बात सामने आई। जयराम हांसदा ने विभाग से स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार निर्धारित ढलाई की मोटाई सार्वजनिक करने और पूरे मामले की विभागीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में अनियमितता या लापरवाही साबित होने पर श्रेया कंस्ट्रक्शन के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मामले को मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के समक्ष भी रखा जाएगा।


























