- जानमडीह की छात्रा ने आत्मअध्ययन से हासिल की बड़ी सफलता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के सुदूर गांव जानमडीह की छात्रा संगीता सरदार ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पीएमश्री नवोदय विद्यालय बहरागोड़ा में कक्षा छह में नामांकन के लिए उनका चयन हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। संगीता वर्तमान में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, जानमडीह (पोटका-2) की छात्रा हैं। खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी ट्यूशन के स्वयं अध्ययन कर नवोदय की कठिन प्रवेश परीक्षा पास की।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : दिव्यांगों के चेहरे पर मुस्कान : कुणाल षड़ंगी के जन्मदिन पर सेवा की मिसाल
आत्मविश्वास और मेहनत से पाई सफलता
संगीता की इस उपलब्धि से उनके परिवार और समाज में उत्साह है। उनके पिता मनोरंजन सरदार ने इसे पूरे भूमिज समाज के लिए गर्व का क्षण बताया और सफलता का श्रेय उनकी मां फुलमनी सरदार को दिया, जिनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से संगीता आगे बढ़ सकीं। संगीता ने बताया कि वह भविष्य में डॉक्टर या इंजीनियर बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं। उनकी सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

























