मॉडल विद्यालय पाटबेड़ा में शिक्षा और प्रेरणा का दिखा अनूठा संगम
शिक्षा के माध्यम से लक्ष्य तय करने की दी प्रेरणा
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का बढ़ रहा सम्मान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के पाटबेड़ा स्थित मॉडल विद्यालय परिसर में मंगलवार को शिक्षा, उत्साह और सम्मान का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय में 10वीं एवं 12वीं के कला और विज्ञान संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए भव्य ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्रीय विधायक समीर कुमार मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक गोपेश कुमार मिश्रा ने विधायक का पारंपरिक रूप से अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। समारोह के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur/Gua : डीएवी एनआईटी में दूसरे दिन भी चला शिक्षकों का प्रशिक्षण, मानसिक स्वास्थ्य पर दिया गया विशेष जोर
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने की पहल तेज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक समीर कुमार मोहंती ने विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है और विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य का निर्धारण शिक्षा के माध्यम से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित और जागरूक युवा ही समाज और देश को नई दिशा देने में सक्षम होता है। विधायक ने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, अनुशासन बनाए रखने और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। समारोह में प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, मिंटू पाल, रिंकू माईती, अरुण बारिक, यदूप्रति राणा सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।























