जंगलमहल स्वराज मोर्चा ने वन विभाग को सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
वन्यजीव सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झाड़ग्राम : जंगलमहल स्वराज मोर्चा ने झाड़ग्राम जिले के गढ़ शालबनी इलाके में करंट लगने से एक वयस्क हाथी की मौत के मामले को गंभीर बताते हुए वन विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अशोक महतो ने मंगलवार को झाड़ग्राम वन विभाग के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि शालबनी क्षेत्र के एक निजी गेस्ट हाउस परिसर में हुई हाथी की मौत बेहद चिंताजनक घटना है, जिसकी वैज्ञानिक और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए। संगठन ने हाथी के शव का पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच कराने की भी मांग की, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
इसे भी पढ़ें : Gua : सारंडा में फिर दौड़ेगी अर्थव्यवस्था, विजया-2 माइंस को संचालन की मिली मंजूरी
हाथी की मौत मामले में वैज्ञानिक जांच की उठी मांग

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही, अवैध गतिविधि या विद्युत सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 सहित अन्य संबंधित कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। संगठन ने वन विभाग से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए इलाके में निगरानी बढ़ाने, हाथियों के आवागमन मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थानीय लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की भी अपील की है। संगठन का कहना है कि जंगल क्षेत्रों में मानव और वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में सुरक्षा उपायों को मजबूत करना बेहद जरूरी है।



























