भाजपा ने प्रेस वार्ता में कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, हिमांशु सिंह हत्याकांड में सख्त कार्रवाई की मांग
कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा ने प्रशासन से की जवाबदेही की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में कानून का राज कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है और अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। इस अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा तथा जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा भी मौजूद रहे। भानु प्रताप शाही ने कहा कि जमशेदपुर हमेशा से शांति, सौहार्द और भाईचारे का शहर रहा है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में शहर की पहचान प्रभावित हो रही है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : हाईवा की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहा था सरवन
हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर भाजपा का सरकार पर हमला
भानु प्रताप शाही ने बिष्टुपुर में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड को गंभीर घटना बताते हुए कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों ने खुलेआम वारदात को अंजाम दिया, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। भाजपा नेता ने मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर स्पीडी ट्रायल चलाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने घायल युवक प्रत्युष कुमार के इलाज और सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
इसे भी पढ़ें : Chakradharpur : अवैध हथियार रखने के मामले में रिंकु साहू को 3 वर्ष कारावास की सजा
बढ़ते अपराध और पुलिस व्यवस्था पर उठाए गए सवाल
प्रेस वार्ता के दौरान भानु प्रताप शाही ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में शहर में हत्या, लूट, चोरी, चाकूबाजी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक, विशेषकर महिलाएं, खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस बल का एक बड़ा हिस्सा वाहन जांच और ट्रैफिक अभियान में लगाया जा रहा है, जबकि अपराध नियंत्रण पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि शहर में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पुलिस बल को अपराध रोकथाम और गश्ती व्यवस्था में लगाया जाना चाहिए। भाजपा नेताओं ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : पत्तल-दोना निर्माण से आत्मनिर्भर बनीं सरिता नायक, मेहनत और प्रशिक्षण से बदली जिंदगी
पूर्णिमा साहू ने भी जताई कानून-व्यवस्था पर चिंता
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून का राज स्थापित करना होता है। उन्होंने कहा कि झारखंड और विशेष रूप से जमशेदपुर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि कभी जमशेदपुर को क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी और पीस सिटी के रूप में जाना जाता था, लेकिन वर्तमान हालात उस पहचान को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए प्रशासनिक सख्ती और प्रभावी निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया तथा कहा कि अपराधियों में कानून का भय होना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मतदाता सूची गणना प्रपत्र भरने व ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू, 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान
दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसपी से मिलेगी भाजपा
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पार्टी लगातार कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है। उन्होंने बताया कि अपहरण, ट्रैफिक व्यवस्था और अन्य जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर भाजपा पूर्व में भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कर चुकी है। बिष्टुपुर की घटना को लेकर पार्टी जल्द ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी। भाजपा नेताओं ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रशासन को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए। प्रेस वार्ता के माध्यम से पार्टी ने राज्य सरकार और प्रशासन से अपराध नियंत्रण के लिए ठोस एवं परिणामकारी रणनीति अपनाने की मांग की।