जागरूकता कार्यक्रम में अनुशासन, सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के पाटबेड़ा मौजा स्थित मॉडल स्कूल में शुक्रवार को पुलिस प्रशासन की ओर से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता तथा विभिन्न आपातकालीन टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि डिजिटल युग में सतर्कता और जागरूकता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे प्रभावी माध्यम है। साथ ही सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में भीषण सड़क हादसा, थाना प्रभारी की तत्परता से बची ड्राइवर की जान
छाता वितरण से बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान
कार्यक्रम के दौरान पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार नायेक ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन जीने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों की समझ भी जरूरी है। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस प्रशासन ने मानसून को देखते हुए छात्र-छात्राओं के बीच छातों का वितरण किया। छाता पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस और समाज के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने में भी मददगार साबित होते हैं।























