ईश्वर सिंह ने बयान को बताया अपमानजनक, सार्वजनिक माफी की मांग उठाई
कांग्रेस ने कहा, जनता के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा मानगो की जनता को लेकर दिए गए कथित बयान पर कांग्रेस पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रविवार को मानगो चौक पर मानगो कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और सरयू राय का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “सरयू राय मुर्दाबाद” और “मानगो की जनता से माफी मांगो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विधायक द्वारा मानगो के लोगों के संबंध में की गई टिप्पणी क्षेत्र की जनता का अपमान है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस प्रकार की भाषा किसी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती और इससे आम लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : अंतरराष्ट्रीय आदिवासी दिवस की तैयारी शुरू, मेघाहातुबुरू में चलेगा जनजागरूकता अभियान
मानगो के लोगों को अपराधी बताना निंदनीय : ईश्वर सिंह
प्रदर्शन के दौरान ईश्वर सिंह ने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा यह कहा जाता है कि मानगो के हर घर में अपराधी पैदा होते हैं, तो यह लाखों सम्मानित नागरिकों का अपमान है। उन्होंने कहा कि मानगो क्षेत्र में मेहनतकश, ईमानदार और स्वाभिमानी लोग रहते हैं, जिन्होंने अपने परिश्रम से शहर और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पूरे क्षेत्र को अपराध से जोड़कर देखना न केवल गलत है, बल्कि जनप्रतिनिधि की संकीर्ण सोच को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिस जनता ने सरयू राय को विधायक चुना, उसी जनता के बारे में ऐसी टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी इस बयान की कड़ी निंदा करती है और इसे वापस लेने की मांग करती है।
इसे भी पढ़ें : Gua : तीन दिवसीय सिंहभूम दौरे पर रहेंगे नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी
अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी साधा निशाना
ईश्वर सिंह ने कहा कि सरयू राय ने चुनाव के दौरान भय और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का वादा किया था, लेकिन उनके कार्यकाल में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डीडी बार हत्याकांड जैसे मामलों में विधायक की भूमिका और रुख सवालों के घेरे में रहा है। साथ ही मानगो नगर निगम की विभिन्न योजनाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामले भी सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जनता का अपमान करने वाले ऐसे बयान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जा सकते। कांग्रेस ने मांग की कि सरयू राय मानगो की जनता से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें, ताकि लोगों की भावनाओं को सम्मान मिल सके।



























