बहरागोड़ा के पाथरघाटा गांव में देर रात लगी आग, परिवार पर टूटा संकट
आगजनी में नगद राशि समेत गृहस्थी का सामान राख, सहायता की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथरघाटा गांव में शुक्रवार देर रात आग लगने से जमुना मुंडा का फूस का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के समय जमुना मुंडा अपनी बेटी लक्ष्मी के साथ घर में सो रहे थे। अचानक छप्पर में आग की लपटें उठती देख दोनों किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आसपास समरसेबल पंप या तालाब जैसी सुविधा नहीं होने तथा आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति पर काबू नहीं पाया जा सका।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : खान-खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन
पाथरघाटा गांव में देर रात आग से मचा हड़कंप, बाल-बाल बचा परिवार
आग की इस घटना में घर में रखा धान, चावल, बर्तन, साइकिल, जरूरी दस्तावेज और 20 हजार रुपये नगद जलकर नष्ट हो गए। बताया गया कि यह राशि तमिलनाडु में मजदूरी कर रहे उनके बेटे ने शादी का कर्ज चुकाने के लिए भेजी थी। पीड़ित परिवार ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। जमुना मुंडा ने प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि परिवार को इस मुश्किल घड़ी में सहारा मिल सके।



























