30 सितंबर की हाई कोर्ट सुनवाई पर अभ्यर्थियों की नजर, 357 पदों की भर्ती लंबे समय से अटकी
30 सितंबर की सुनवाई के बाद आंदोलन की रणनीति तय करेंगे अभ्यर्थी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले में चौकीदार बहाली प्रक्रिया में हो रही देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने एकजुट होकर चौकीदार बहाली संघर्ष मोर्चा का गठन किया है। मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि यदि 30 सितंबर को झारखंड हाई कोर्ट में होने वाली सुनवाई के दौरान मामले का ठोस समाधान नहीं होता है, तो अभ्यर्थी आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। जिला प्रशासन ने वर्ष 2024 में चौकीदार के 357 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया था। इसके लिए जिलेभर से 15 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद न्यायालय में मामला लंबित रहने के कारण भर्ती की आगे की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : खैरबानी-बाँकिशोल का संपर्क प्रभावित, ग्रामीणों ने श्रमदान से फिर बनाया लकड़ी का पुल
357 पदों पर भर्ती का इंतजार, 15 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में
अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य के कई अन्य जिलों में पुराने अवैतनिक चौकीदारों को लिखित परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा में दो अतिरिक्त अंक देने के प्रावधान के तहत नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। वहीं सरायकेला-खरसावां जिले में पुराने अवैतनिक चौकीदारों की सीधी भर्ती की मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका लंबित है। लगातार अगली तारीख मिलने के कारण मामले का अंतिम निस्तारण नहीं हो पा रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से वे मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे युवाओं के भविष्य को लेकर जल्द निर्णय जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Gua : कारो नदी का पानी हुआ काला, ग्रामीणों के सामने गहराया जल संकट
हाई कोर्ट में लंबित याचिका के कारण रुकी बहाली प्रक्रिया
चौकीदार बहाली संघर्ष मोर्चा ने मांग की है कि अन्य जिलों की तरह सरायकेला-खरसावां में भी मामले की शीघ्र सुनवाई कर इसका निष्पादन किया जाए और नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जाए। मोर्चा के अनुसार, अभ्यर्थी लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। 30 सितंबर की सुनवाई को लेकर अभ्यर्थियों में उम्मीद बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि सुनवाई के बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं होता है और बहाली प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती है, तो अभ्यर्थी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। मोर्चा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा।






















