9 अक्टूबर को JSCA स्टेडियम में मुकाबला, दोपहर 3 बजे से प्रवेश; निर्धारित गेट से कतारबद्ध होकर आएंगे दर्शक
प्रशासन और JSCA की संयुक्त तैयारी, शांतिपूर्ण मैच आयोजन पर फोकस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : अंतरराष्ट्रीय जेएससीए स्टेडियम, एचईसी परिसर धुर्वा में 9 अक्टूबर 2026 को होने वाले भारत बनाम वेस्टइंडीज दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मैच के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : रांची में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने का आरोप, भाजपा ने दर्ज कराई FIR
मैच से पहले सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश
बैठक में जिला दंडाधिकारी ने निर्देश दिया कि मैच के दौरान यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पूरे स्टेडियम परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया। विशेष रूप से दोपहर 3 बजे प्रवेश शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से एकत्रित नहीं होने देने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दर्शकों को निर्धारित गेटों से ही कतारबद्ध तरीके से स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : SIR पर JMM का विरोध तेज, 24 जिला मुख्यालयों पर CEC का पुतला दहन
निर्धारित गेट से ही मिलेगा प्रवेश, बिना टिकट स्टेडियम के आसपास नहीं जुटने की अपील
जिला प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे प्रवेश द्वार खुलने से पहले स्टेडियम पहुंचकर निर्धारित स्थान पर कतार में लगें। इससे प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रहेगी और दर्शकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। दर्शकों से यह भी कहा गया है कि वे स्टेडियम परिसर में किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को लेकर प्रवेश न करें। प्रशासन का उद्देश्य मैच के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ दर्शकों की सुविधा सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रवेश व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा जांच को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : Chandil : चौकीदार बहाली संघर्ष मोर्चा का गठन, जल्द प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो आंदोलन
प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर स्टेडियम नहीं पहुंचें, दर्शकों से प्रशासन की अपील
बैठक में अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पार्किंग और वाहनों की आवाजाही को लेकर भी आवश्यक तैयारी करने पर जोर दिया गया। जिला प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : खैरबानी-बाँकिशोल का संपर्क प्रभावित, ग्रामीणों ने श्रमदान से फिर बनाया लकड़ी का पुल
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर जोर, संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक (शहर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस अधिकारी आस्था शरण सहित जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा की। जिला प्रशासन ने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास से मैच को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के दौरान दर्शकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और रांची की आयोजन क्षमता की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करना है।






















