बहरागोड़ा के नागूढ़साई निवासी 22 वर्षीय छात्र की रहस्यमयी मौत से गांव में मातम
परिजनों ने संदिग्ध मौत की निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : प्रखंड के नागूढ़साई निवासी 22 वर्षीय कंप्यूटर इंजीनियरिंग छात्र सागर तोराई की भुवनेश्वर के सान सिटी स्थित आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सागर गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष का छात्र था। मंगलवार शाम उसके दोस्त नाश्ता करने के बाद कमरे पर लौटे, तो सागर को संदिग्ध अवस्था में पाया। इसके बाद तत्काल परिजनों और ओडिशा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
इसे भी पढ़ें : Kolkata : खड़गपुर इलेक्ट्रिक लोको शेड में ‘कवच’ प्रणाली की बड़ी उपलब्धि, सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
भुवनेश्वर में छात्र की संदिग्ध मौत से नागूढ़साई में पसरा मातम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, सागर के परिजनों ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए घटना को संदिग्ध बताया है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके। फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन सागर के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। घटना की खबर फैलने के बाद नागूढ़साई गांव में शोक का माहौल है और परिवार के साथ ग्रामीण भी गमगीन हैं।






















