कुमारडूंगी और जगन्नाथपुर में भट्टियां ध्वस्त, 460 किलो जावा-महुआ नष्ट; एक गिरफ्तार, एक फरार
एक आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग का छापेमारी अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के बांसपानी और जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के खुटियापदा में अवैध चुलाई शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों स्थानों पर संचालित अवैध शराब की भट्टियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके से तैयार अवैध चुलाई शराब तथा शराब निर्माण के लिए संग्रहित किण्वित जावा-महुआ बरामद किया गया। अभियान में कुल 30 लीटर अवैध चुलाई शराब और 460 किलोग्राम जावा-महुआ जब्त किया गया। जब्त जावा-महुआ को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर निष्पादन
कुमारडूंगी और जगन्नाथपुर में अवैध शराब की भट्टियां ध्वस्त
उत्पाद विभाग की कार्रवाई के दौरान अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। दोनों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विभाग के अनुसार फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाना है।























