जान की परवाह किए बिना नदी में कूदकर बच्ची को बचाया, विधायक ने अंगवस्त्र देकर बढ़ाया हौसला
नदी घाटों पर सुरक्षा और बचाव व्यवस्था मजबूत करने की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मानगो सुवर्णरेखा नदी में शनिवार को हुई दर्दनाक घटना के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर बच्ची की जान बचाने वाले भुइयांडीह छायानगर निवासी जमुन शेख को रविवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सम्मानित किया। जमुन शेख ठेला लगाकर हवा मिठाई बेचने का काम करते हैं। घटना के समय उन्होंने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए नदी में डूब रही बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। उनके इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए विधायक सरयू राय ने डीबीएमएस स्कूल में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान उन्हें 10 हजार रुपये की नकद राशि और अंगवस्त्र भेंट किया।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : हर साल अस्थायी मेड़ बनाकर खेतों तक पहुंचाते हैं पानी, हेंदेगोड़ा नदी पर चेक डेम की मांग
बच्ची को बचाने में जमुन शेख ने दिखाई अदम्य बहादुरी
इस अवसर पर मानगो नगर निगम क्षेत्र समिति के अध्यक्ष विकास कुमार साहनी ने जमुन शेख के साहस और मानवता की सराहना की। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सामान्य पृष्ठभूमि के बावजूद जमुन शेख ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में डूब रही मासूम की जिंदगी बचाने का प्रयास किया। उनका यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है। विकास साहनी ने कहा कि ऐसे साहसी लोगों को सम्मानित करने से समाज में मानवता, सेवा और दूसरों की मदद करने की भावना को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में किसी जरूरतमंद की सहायता के लिए आगे आना ही सच्ची मानवता है।
इसे भी पढ़ें : Chandil : 44 साल बाद भी विस्थापितों की समस्याएं बरकरार, 7 अक्टूबर को होगा धरना-प्रदर्शन
साहसी लोगों का सम्मान समाज में देता है सकारात्मक संदेश
विकास कुमार साहनी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही विधायक सरयू राय तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे थे और पूरे मामले की जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर बचाई गई बच्ची के बेहतर इलाज को लेकर अस्पताल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए थे। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद त्वरित गति से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने वाले युवा समाजसेवी शुभम राज को भी विधायक सरयू राय ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने संकट की घड़ी में तत्परता दिखाने के लिए शुभम राज के प्रयासों की भी सराहना की।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : सात अक्टूबर को चाईबासा में कांग्रेस निकालेगी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च
राहत और बचाव में सहयोग करने वाले शुभम राज भी सम्मानित
विकास साहनी ने कहा कि नदी में डूब रही बच्ची को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले जमुन शेख और समय पर घटनास्थल पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग करने वाले शुभम राज जैसे लोगों का सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से लोगों में संकट के समय एक-दूसरे की मदद करने का विश्वास मजबूत होता है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की। विशेषकर पर्व-त्योहारों के दौरान नदी घाटों पर अतिरिक्त निगरानी, पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और प्रशिक्षित बचाव दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं में समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।























