एसडीएम ने पूजा समितियों से शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग की अपील, सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी
डीजे प्रतिबंध के साथ पूजा पंडालों की सुरक्षा पर प्रशासन की नजर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : शारदीय नवरात्र एवं दुर्गापूजा को लेकर बुधवार को चांडिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता ने की। इसमें डीएसपी, बीडीओ तुलेश्वर रोहीदास, थाना प्रभारी संतन तिवारी सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए। बैठक में दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम ने पूजा समितियों को प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। साथ ही पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, आयोजन की तैयारियों और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी लेते हुए समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : Chandil : चांडिल बांध विस्थापितों का धरना, मांगों के समाधान के लिए प्रशासन को तीन माह का अल्टीमेटम
दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन ने पूजा समितियों से मांगा सहयोग
एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता ने कहा कि पर्व के दौरान सभी लोग शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें तथा ऐसी कोई गतिविधि न करें, जिससे अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान डीजे साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। पूजा समितियों से भी नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में गुरुचरण किस्कू, काबलू पाल, मिलन प्रमाणिक, तापस मंडल, समीर कुंडू, कृष्ण कालिंदी, अरुण बागड़िया, रत्नाकर खैतान, मो. फकरुद्दीन अंसारी, मो. सलीम समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।























