तेज रफ्तार में वाहन से नियंत्रण खोने पर हुआ हादसा
पुलिस ने जेसीबी से सड़क पर बिखरे तार और अन्य सामान हटवाकर यातायात कराया बहाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में कांडेनाला पुलिया के पास गुरुवार को तेज रफ्तार के कारण तार लदा एक लाइन ट्रक अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक अनिल कुमार घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ाजामदा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को ड्राइविंग सीट से बाहर निकालकर इलाज के लिए नोवामुंडी अस्पताल पहुंचाया। चालक के चेहरे पर गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण उपचार के दौरान तीन टांके लगाने पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस चालक को दोबारा घटनास्थल पर लेकर पहुंची। दुर्घटना के बाद सड़क पर तार और ट्रक के टायर बिखर गए थे, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : दुर्गा पूजा को लेकर डीसी-एसपी ने आदित्यपुर–गम्हरिया में संभाली कमान, खरकाई पुल से इमली चौक तक पैदल निरीक्षण
कांडेनाला सड़क हादसे के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा, जेसीबी से हटाया मलबा
पुलिस के अनुसार, लाइन ट्रक ओडिशा के बड़बिल और बड़ाजामदा होते हुए तार लेकर नोवामुंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कांडेनाला पुलिया के पास तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर बिखरे सामान को हटाने के लिए पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवाई। जेसीबी की मदद से तार और अन्य सामान को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद छोटी गाड़ियों का परिचालन शुरू कराया जा सका। पुलिस ने ट्रक मालिक से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर उसे घटनास्थल पर बुलाया। इस मामले में बड़ाजामदा ओपी पुलिस ने सनहा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटना के बाद सड़क से सामान हटाने और यातायात बहाल करने में पुलिस ने तत्परता दिखाई।

























