साकची के रवीन्द्र भवन में ELC 2.0 पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने विद्यार्थियों तक सही चुनावी जानकारी पहुंचाने पर दिया जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रवीन्द्र भवन ऑडिटोरियम, साकची में Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के उच्च विद्यालयों, प्लस टू विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राधिकृत ईएलसी समन्वयकों ने भाग लिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यशाला में संस्थानों के स्तर पर निर्वाचन साक्षरता क्लब के गठन, पंजीकरण, सदस्यों के विवरण की प्रविष्टि और जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन की जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने समन्वयकों से ईएलसी को सक्रिय बनाने तथा विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने SIR-2026 के संबंध में भी जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने और विद्यार्थियों के माध्यम से निर्वाचन संबंधी जानकारी समुदाय तक पहुंचाने के महत्व को रेखांकित किया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जीरो वेस्ट पंडाल प्रतियोगिता 2026: फूल संग्रहण वाहनों को उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी
स्कूलों और कॉलेजों में सक्रिय होंगे निर्वाचन साक्षरता क्लब, समन्वयकों को मिला प्रशिक्षण

कार्यशाला के दौरान सभी विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों में से एक बालक तथा एक बालिका को लीड मेंबर के रूप में नामित करने की अपील की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाकर निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को गति देना है। प्रशिक्षण में बताया गया कि ईएलसी के गठन और पंजीकरण के साथ सदस्यों के विवरण की प्रविष्टि के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल eci.gov.in/electoral-literacy-club अथवा ECINET प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा सकता है। संस्थानों से अपेक्षा की गई कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप क्लब की गतिविधियों का संचालन करें और विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें। विद्यार्थियों के बीच मतदाता पंजीकरण, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका से संबंधित जानकारी साझा करने पर भी जोर दिया गया, ताकि वे अपने परिवार और समुदाय में भी जागरूकता फैलाने में योगदान दे सकें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : परसुडीह में ब्राउन शुगर के कथित कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, पांच गिरफ्तार
SIR-2026 से लेकर मतदाता पंजीकरण तक की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर जोर
प्रशिक्षण कार्यशाला में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के नियमित एवं प्रभावी संचालन, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और निर्वाचन संबंधी प्रमाणिक जानकारी के प्रसार को महत्वपूर्ण बताया गया। संस्थानों के समन्वयकों से अपील की गई कि वे ईएलसी के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व और मतदाता के अधिकारों के प्रति जागरूक करें। कार्यशाला में ईआरओ सह धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल आनंद, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, डीसीएलआर धालभूम सच्चिदानंद महतो सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गतिविधियों को आगे बढ़ाने और विद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के स्तर पर निर्वाचन साक्षरता को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।























