हाजरा देवी स्थान से शुरू हुआ धार्मिक अनुष्ठान
सांसद जोबा मांझी और विधायक जगत मांझी सहित अतिथि करेंगे विभिन्न पूजा पंडालों का उद्घाटन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर में दुर्गा पूजा को लेकर उत्सव का माहौल बनने लगा है। शुक्रवार को मनोहरपुर हाजरा स्थित श्री श्री देवी स्थान पूजा समिति की ओर से बेलवरण अनुष्ठान एवं घट स्थापना के साथ मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना शुरू की गई। इस दौरान धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अनुष्ठान संपन्न हुआ। बेलवरण एवं घट स्थापना यात्रा में पूजा समिति के सदस्यों के अलावा कई गणमान्य लोग शामिल हुए। इनमें सजल रंजन चावली, राधेश सिंह, सूरज गुप्ता, विजय कुमार यादव मन्ना, अभयशूल पाणि, दीपक गुप्ता, छोटू पांडे, रघु हरलालका और गणेश गुप्ता समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल दिखाई देने लगा है। श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना की तैयारियों में जुटे हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : कांडेनाला पुलिया के पास तार लदा ट्रक पलटा, चालक घायल
मनोहरपुर में चार प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का होगा उद्घाटन, जानें समय और कार्यक्रम
पूजा आयोजन समिति के अनुसार, शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को मनोहरपुर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी मुख्य अतिथि, मनोहरपुर विधायक जगत मांझी अति विशिष्ट अतिथि और जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10:30 बजे हाजरा स्थित श्री श्री देवी स्थान पूजा समिति के पंडाल का उद्घाटन होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे संत नरसिंह आश्रम दुर्गा पूजा समिति, 11:30 बजे लाइनपार श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति तथा दोपहर 12 बजे मनोहरपुर साइडिंग दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का उद्घाटन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में अतिथि पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में भी भाग लेंगे। पंडालों की सजावट और पूजा की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

























