- बनाही और सिकरिया हॉल्ट के बीच हुआ हादसा, भेड़पालकों को भारी आर्थिक नुकसान
- ग्रामीणों ने रेलवे से की सुरक्षा उपायों की मांग, मुआवजे की भी उठी आवाज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बिहार के आरा जिले में शुक्रवार देर रात एक भयावह हादसा हुआ, जिसमें ट्रेन की चपेट में आने से लगभग 600 भेड़ों की मौत हो गई। यह घटना पटना-डीडीयू रेलखंड के बनाही और सिकरिया हॉल्ट के बीच, बनकट गांव के पास तड़के करीब 3 बजे हुई। भेड़पालक उत्तर दिशा की ओर रेलवे ट्रैक के पास विश्राम कर रहे थे, तभी बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान कई भेड़ें ट्रैक पर चली गईं और उसी समय एक तेज़ रफ्तार ट्रेन आ गई, जिससे सैकड़ों भेड़ें कुचलकर मर गईं। हादसे का दृश्य इतना भयावह था कि स्थानीय ग्रामीण दहशत में आ गए।
इसे भी पढ़ें : New Delhi : ICICI बैंक के बचत खाते में अब 50 हजार रुपये रखना अनिवार्य
रेलवे ट्रैक पर आराम कर रहे थे भेड़पालक, अचानक आई ट्रेन बन गई काल
इस हादसे में किसी भी इंसान को चोट नहीं आई, लेकिन भेड़पालक भरत पाल, उदयनारायण पाल और मार्कण्डेय पाल को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे हादसे पहले भी हो चुके हैं, लेकिन रेलवे की ओर से अब तक कोई सुरक्षात्मक उपाय नहीं किया गया है। लोगों ने मांग की है कि रेलवे प्रशासन इस मार्ग पर सुरक्षा बढ़ाए और ट्रैक के आसपास चेतावनी या अवरोधक लगाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो।
























