- स्वतंत्रता दिवस पर विधायक ने दिया आत्मनिर्भर भारत का मंत्र, बोले- डाटा सुरक्षा और स्वदेशी उत्पादों पर हो विशेष ध्यान
“दक्षिण-पूर्व एशिया में व्यापार बढ़ाने की जरूरत : सरयू राय का सुझाव”
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर झंडोत्तोलन के पश्चात अपने उद्बोधन में कहा कि भारत को तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाते हुए अपना सर्वर बनाना चाहिए। उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि जब चीन अपना सर्वर बना सकता है, तो भारत उससे बेहतर सर्वर क्यों नहीं बना सकता। डाटा सुरक्षा को लेकर उन्होंने चिंता जताई कि आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डाटा चोरी करने वाले गैंग सक्रिय हैं, जिससे भारतीय नागरिकों की जानकारियां असुरक्षित हैं। अपना सर्वर होने से ये जानकारियां देश के भीतर ही सुरक्षित रहेंगी।
इसे भी पढ़ें : New Delhi : झारखंड के शिक्षामंत्री रामदास सोरेन का निधन, अपोलो अस्पताल में ली अंतिम सांस
“तकनीकी आत्मनिर्भरता के लिए भारत को चाहिए खुद का सर्वर : सरयू राय”
सरयू राय ने अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह भारतीय निर्यातकों के लिए चुनौती है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बेहतर जवाब है — स्वदेशी पर ज़ोर। हमारे युवाओं को विदेशी ब्रांड की जगह स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। राय ने कहा कि हमें अपने खुद के ब्रांड विकसित करने होंगे और उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में जमकर प्रमोट करना होगा। भारत के विशाल बाजार को देखते हुए यदि हम सही रणनीति अपनाएं, तो अमेरिका के टैरिफ जैसी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में कुलपति ने फहराया तिरंगा, उपलब्धियों से गौरवान्वित हुआ विश्वविद्यालय
“स्वदेशी उत्पादों से ही होगा विदेशी टैरिफ का जवाब : विधायक सरयू राय”
अपने संबोधन में सरयू राय ने यह भी कहा कि भारत को दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के साथ व्यापारिक संबंधों को और सशक्त करना चाहिए। उन्होंने ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, वियतनाम, म्यांमार, सिंगापुर, थाईलैंड जैसे देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे व्यापार बहुत कम है, जबकि अपार संभावनाएं मौजूद हैं। भारत को अमेरिका और यूरोपीय यूनियन पर निर्भरता घटाकर इन क्षेत्रों में अपना व्यापारिक प्रभाव बढ़ाना चाहिए।
























