- श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात सुगमता के लिए प्रशासन की विशेष तैयारी
- छठ घाटों पर पुलिस की कड़ी निगरानी, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
छठ महापर्व को लेकर जमशेदपुर पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष योजना जारी की है। श्रद्धालुओं को घाटों तक आसानी से पहुंचने और जाम की समस्या से बचाने के लिए कुल 20 स्थानों पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। बिष्टुपुर स्थित बेली बोधन घाट से लेकर साकची के स्वर्णरेखा घाट और कदमा, टेल्को, बागबेड़ा समेत विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की पार्किंग के लिए वैकल्पिक स्थान तय किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि घाटों के आसपास अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : शहीद अजीत धनंजय महतो की 43वीं शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा, मोटरसाइकिल जुलूस के साथ किया गया नमन
छठ पर्व पर सड़कों से लेकर घाटों तक सजेगा जमशेदपुर, प्रशासन ने बनाई सुरक्षा योजना
यातायात पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार बेली बोधन घाट, सती घाट, ग्रीन पार्क घाट और कपाली घाट जैसे लोकप्रिय स्थानों पर वाहनों को केवल सर्विस रोड के किनारे सिंगल लाइन में पार्क करने की अनुमति दी जाएगी। वहीं, दोमुहानी घाट पर छोटे वाहनों के लिए जेएनएसी पार्क और बड़े वाहनों के लिए पार्क के सामने बाउंड्री क्षेत्र को पार्किंग जोन बनाया गया है। साकची के हाथी घोड़ा मंदिर घाट और गांधी घाट में भी विशेष पार्किंग स्थल तय किए गए हैं ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से पूजा-अर्चना कर सकें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें और किसी भी स्थिति में नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करें।
इसे भी पढ़ें : Gua : दीपों की रोशनी और रंगोलियों से जगमगाया गुवा, दीपावली पर्व पर उमड़ा उल्लास
ट्रैफिक पुलिस ने की अपील – घाटों के आसपास अनावश्यक पार्किंग न करें
इसके अलावा, शहर के बाहरी क्षेत्रों जैसे डिमना लेक, हुरलुंग, हुडको डैम और सूर्य मंदिर सिदगोड़ा जैसे घाटों पर भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खाली मैदानों और सड़कों के किनारे सिंगल लाइन पार्किंग की अनुमति दी गई है। जिला प्रशासन ने बताया कि पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से तत्काल संपर्क किया जा सकेगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए सहयोग करें, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हो सके।
























