- मंत्री हफ़ीज़ुल हसन, विधायक एमटी रजा और हिदायतुल्लाह खान ने मांगा समर्थन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी जनसंपर्क गति को और तेज़ कर दिया है। शुक्रवार को झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफ़ीज़ुल हसन अंसारी ने मुसाबनी प्रखंड के बदिया, ईदगाह मुहल्ला, मोहुलबड़ा सहित कई गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उनके साथ राजमहल विधायक एम. टी. रज़ा और राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह ख़ान भी उपस्थित रहे। तीनों नेताओं ने झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया। गांव-गांव में आयोजित जनसभाओं में हजारों ग्रामीण शामिल हुए और झामुमो नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : भावुक हुईं सूरजमोनी सोरेन- बोलीं, “मैं एक मां बनकर आई हूं, अपने बेटे सोमेश को आप सबके आशीर्वाद के लिए सौंप रही हूं”
झामुमो ने मुसाबनी में चलाया जनसंपर्क अभियान
अपने संबोधन में हिदायतुल्लाह ख़ान ने कहा, “सोमेश सोरेन पेशे से एक पढ़े-लिखे इंजीनियर हैं। यदि वे चाहें तो किसी कंपनी में लाखों की नौकरी पा सकते थे, लेकिन उन्होंने अपने पिता स्व. रामदास सोरेन के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया है। यह त्याग और सेवा की भावना झामुमो की असली पहचान है।” वहीं, राजमहल विधायक एम. टी. रज़ा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “केंद्र सिर्फ जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम कर रही है। जबकि राज्य की झामुमो सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतार कर जनता का विश्वास जीता है।” उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार घाटशिला के अधूरे कामों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, और इसके लिए सोमेश सोरेन की जीत जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : झामुमो ने विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जनसंपर्क अभियान, ग्रामीणों ने जताया समर्थन
जनता का भरोसा ही झामुमो की ताकत है – एमटी रजा
मंत्री हफ़ीज़ुल हसन ने अपने वक्तव्य में कहा, “एक पढ़े-लिखे युवा की सोच हमेशा समाज निर्माण की दिशा में होती है। सोमेश सोरेन उसी विचारधारा के प्रतिनिधि हैं।” उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन ने अपने राजनीतिक गुरु हेमंत सोरेन और गुरुजी से विश्वासघात किया है, और अब जनता ही उन्हें जवाब देगी। उन्होंने आगे कहा कि “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड निरंतर विकास की ओर बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कल्याण योजनाओं में अभूतपूर्व काम हुआ है। इस विकास यात्रा को बनाए रखने के लिए झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाना आवश्यक है।” स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नीतियों पर पूर्ण विश्वास जताया और सोमेश सोरेन की विजय का संकल्प लिया। जनसंपर्क अभियान के दौरान पूरे इलाके में झामुमो समर्थकों में गजब का उत्साह देखने को मिला।
























