- एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
- ‘मेड इन चाइना’ पिस्टल और AK-47 के कारतूस बरामद
- पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बिहार में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहन कुआं मोहल्ले में संयुक्त छापेमारी कर पुलिस ने हथियार तस्करी से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें जमशेदपुर जिले के तीन दोस्त भी शामिल हैं। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मिलने से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उलीडीह में आरओ प्लांट में भीषण आग, लाखों का नुकसान, बाल-बाल बचे लोग
नालंदा में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से ‘मेड इन चाइना’ लिखी पांच पिस्टल, AK-47 के 153 जिंदा कारतूस, छह मैगजीन और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। हथियारों की गुणवत्ता और संख्या देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बारादरी निवासी परवेज, मुंगेर निवासी सौरभ झा, जमशेदपुर के जीआरजई मानगो निवासी महबूब उर्फ टिंकू और साकची निवासी जाहिद हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार जमशेदपुर के तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Musabani : केंदाडीह और बेनासोल लैम्पस में धान खरीद केंद्रों का उद्घाटन
पांच पिस्टल और AK-47 के कारतूस जब्त
लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि सोहन कुआं मोहल्ले में त्रिभूवन प्रसाद के मकान के एक फ्लैट में हथियारों की बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना में यह भी बताया गया था कि झारखंड से कुछ तस्कर इस खेप को लेने आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पूरी रणनीति के साथ छापेमारी की गई और तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
























