- गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई, बस स्टैंड से हथियार सप्लायर दबोचा गया
- गुप्त सूचना से खुला हथियार सप्लाई का मामला
- आगे की जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बड़ाजामदा डकैती कांड में पश्चिमी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 19 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा को गुप्त सूचना मिली थी कि अक्टूबर माह में बड़ाजामदा निवासी अनिल चौरसिया के घर हुई डकैती कांड से जुड़े हथियार की आपूर्ति के लिए एक युवक बड़ाजामदा आने वाला है। उल्लेखनीय है कि इस डकैती में 2.5 लाख रुपये नकद, लगभग 90 हजार रुपये का सोने का ब्रेसलेट और करीब 80 हजार रुपये की सोने की चेन की लूट हुई थी। इस मामले में गुवा (बड़ाजामदा ओपी) थाना कांड संख्या 45/25, दिनांक 14.10.2025 को मामला दर्ज किया गया था, जिसमें पहले ही पांच अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है।
इसे भी पढ़ें : Gua : जाटा हाटिंग में अतिक्रमण हटाने को लेकर उग्र विरोध, विस्थापितों ने तीन घंटे तक किया सड़क जाम
गुप्त सूचना के अनुसार, जेल भेजे गए अभियुक्त दीपक महतो के भतीजे करण महतो द्वारा कांड में प्रयुक्त हथियार और गोली वांछित अभियुक्त बड़ाजामदा निवासी राजू लोहार को सौंपने की योजना थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किरीबुरु के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बड़ाजामदा बस स्टैंड से करण कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान करण कुमार महतो (उम्र लगभग 24 वर्ष), पिता—राजकुमार महतो, निवासी—वर्मा माइंस रघुवर नगर, थाना—वर्मामाइंस, जिला—पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा कंपनी में ड्राइवरों की समस्याओं को लेकर उबाल, 5 जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
गिरफ्तार आरोपी की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक सिल्वर रंग का देशी कट्टा, एक स्टील रंग का स्वचालित पिस्तौल, एक खाली मैगजीन, 7.65 एमएम, 9 एमएम और 8 एमएम के जिंदा कारतूस तथा एक काले रंग का मोबाइल फोन बरामद किया है। विशेष छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा, बड़ाजामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव, चंद्रशेखर, धनंजय सिंह, अभय कुमार (तकनीकी शाखा), सिमल यशदा एवं बड़ाजामदा ओपी रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से डकैती कांड के अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
























