समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों, अंचलों और नगर निकाय क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने सभी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसे भी पढ़ें : Kharagpur : खड़गपुर स्टेशन पर 60.55 लाख रुपये नकद बरामद, आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई
जनता दरबार में लोगों ने रखीं सड़क, सफाई और जमीन से जुड़ी समस्याएं
जनता दरबार में राजनगर प्रखंड के जुम्बनी पंचायत अंतर्गत धनुडीह के निचले टोला पोलांगल में ग्रामीण पथ की मरम्मत कराने की मांग रखी गई। वहीं सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में कई दिनों से कचरा उठाव, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फॉगिंग नहीं होने की शिकायत भी मिली। आम लोगों की सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को दोबारा शुरू कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के मझधार पुल पर बने गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग भी सामने आई।
इसे भी पढ़ें : Potka : तीन दिन में फटने लगी पीसीसी सड़क, घटिया निर्माण का आरोप
सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और पुल की मरम्मत का निर्देश
चांडिल प्रखंड के डोबो क्षेत्र में सरकारी गैरमजरूआ भूमि को अवरोध से मुक्त कराने तथा आदित्यपुर नगर निगम के विभिन्न वार्डों में खराब सड़कों की मरम्मत से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। इसके साथ ही श्रम विभाग, आपूर्ति विभाग और भूमि संबंधी मामलों समेत अन्य विभागों से जुड़े आवेदन भी लोगों ने सौंपे। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने को कहा।