रेलवे बोर्ड ने 383.78 करोड़ रुपये की परियोजना को दी मंजूरी
क्षेत्रीय विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
वंदे भारत डिपो से बढ़ेंगे रोजगार और विकास के अवसर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में रेलवे बोर्ड ने वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर प्रोजेक्ट एंड डेवलपमेंट सुमित कुमार द्वारा हस्ताक्षरित स्वीकृति पत्र सांसद बिद्युत बरण महतो को भेजा गया है। स्वीकृति के अनुसार लगभग 383.78 करोड़ रुपये की लागत से टाटानगर में आधुनिक वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो का निर्माण किया जाएगा। लंबे समय से इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए सांसद बिद्युत बरण महतो लगातार प्रयास कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पुराने एसओआर पर 55 योजनाओं की निविदा क्यों? सरयू राय ने मानगो नगर निगम से रद्द करने की मांग की
रेलवे बोर्ड से मिली बड़ी मंजूरी, टाटानगर को मिला वंदे भारत डिपो
सांसद महतो ने हाल ही में संपन्न संसद सत्र के दौरान इस विषय को लेकर रेलवे बोर्ड के निदेशकों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से कई बार मुलाकात की थी। उन्होंने टाटानगर रेलवे स्टेशन के बढ़ते महत्व को देखते हुए यहां चार अतिरिक्त रेलवे प्लेटफॉर्म के निर्माण का प्रस्ताव भी रेलवे बोर्ड के समक्ष रखा है। मेंटेनेंस डिपो की स्वीकृति मिलने के बाद सांसद ने कहा कि वे क्षेत्र की सभी रेल संबंधी मांगों को पूरा कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और आने वाले समय में अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी रेल मंत्रालय से मंजूरी दिलाने का प्रयास करेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई में हत्या की कथित साजिश पर छापेमारी, हथियार के साथ पांच गिरफ्तार
टाटानगर स्टेशन के विस्तार के लिए अतिरिक्त प्लेटफॉर्म का प्रस्ताव
सांसद बिद्युत बरण महतो ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक तथा चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वंदे भारत कोच डिपो के निर्माण से टाटानगर और चक्रधरपुर रेल मंडल के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही रेलवे से जुड़े प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इस परियोजना से क्षेत्र की रेल अवसंरचना मजबूत होगी और भविष्य में टाटानगर पूर्वी भारत के प्रमुख रेलवे केंद्रों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।


























