- ध्वजारोहण से प्रभात फेरी तक, विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और नाटकों से जगाई देशभक्ति की भावना
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा स्थित टीपीएस डीएवी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े धूमधाम और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की अध्यक्षा डॉ. बिनी षाडंगी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हुई। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। अपने प्रेरणादायक भाषण में डॉ. षाडंगी ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और बलिदानी वीरों की गाथा को याद करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से सीख लेने की बात कही। इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश कुमार ने भी स्वतंत्रता सेनानियों की वीरता, संघर्ष और त्याग को विस्तार से बताया।
इसे भी पढ़ें : Khadagpur : खड़गपुर रेल मंडल में मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सजा सेरसा स्टेडियम
छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन, तिरंगा लेकर निकाली प्रभात फेरी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक, और भाषण प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने भारत माता की विविधता और वीरता को मंच पर जीवंत किया। विशेष रूप से प्रभात फेरी में बच्चों ने तिरंगा झंडा लहराते हुए “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण को उत्सवमय बना दिया। स्कूल परिसर में हर ओर तिरंगे के रंग और राष्ट्रभक्ति की भावना नजर आई। कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण के साथ हुआ, जिसमें सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अतिथियों ने भाग लिया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल एक प्रेरणादायक अनुभव रहा, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यबोध को भी प्रबल किया।


























