- चित्रेश्वर और बहुलिया शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दिखाया साहस और भक्ति का अनोखा रूप
- छऊ नृत्य और मेले ने बढ़ाई उत्सव की रौनक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के ऐतिहासिक चित्रेश्वर शिव मंदिर और बाबा भूतेश्वर शिव मंदिर बहुलिया में सोमवार को गाजन पर्व का भव्य आयोजन हुआ। सदियों पुरानी इस परंपरा में श्रद्धालुओं ने अपनी अटूट आस्था और साहस का अद्भुत प्रदर्शन किया। सुवर्णरेखा नदी में स्नान कर पवित्र हुए भोक्ताओं ने धधकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर और शरीर में लोहे की कीलें व त्रिशूल चुभाकर भगवान शिव के प्रति अपनी भक्ति प्रकट की। यह दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु एकत्रित हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : बड़ाजामदा मोबाइल चोरी कांड का खुलासा, तीन नाबालिग पकड़े गए
आस्था और साहस का अद्भुत संगम
अनुष्ठानों के बाद देर रात गाजे-बाजे के साथ भव्य गोरिया भार शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया। शोभायात्रा के दौरान पवित्र जल वितरण के बाद व्रतियों ने अपना कठिन उपवास समाप्त किया। मेले की रौनक और रातभर चले छऊ नृत्य ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इस आयोजन में हजारों लोगों की भागीदारी रही, जबकि विश्वजीत राणा, रवींद्र पाईकिरा और अन्य समिति सदस्यों ने इसकी व्यवस्था संभाली। गाजन महोत्सव ने एक बार फिर क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जीवंत कर दिया।






















