- अखबारों में खबर छपते ही बहरागोड़ा प्रखंड प्रशासन हरकत में
- मुफ्त में भरे गए फॉर्म, निःशुल्क सेवा से ग्रामीणों को राहत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरा पंचायत अंतर्गत भालूकखुलिया गांव में ‘मंईयां योजना’ के फॉर्म भरने के नाम पर कथित तौर पर ₹100 वसूले जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया है। इस संबंध में समाचार अखबारों में खबर प्रकाशित होते ही बहरागोड़ा प्रखंड प्रशासन हरकत में आया और विवाद को शांत करने के लिए तुरंत कदम उठाए। सोमवार को पाथरा पंचायत में प्रशासन की ओर से एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया, ताकि पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और योजना का लाभ सही तरीके से मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो थाना हंगामा मामले में पुलिस की सख्ती, 13 नामजद और 15 अज्ञात पर एफआईआर
अखबार की खबर के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय
सोमवार को आयोजित विशेष कैंप में पाथरा पंचायत के सभी पात्र लाभुकों से बारी-बारी से निःशुल्क फॉर्म भरवाए गए। प्रशासन की इस पहल से खासकर महिलाओं और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली, जिन्हें पहले फॉर्म भरने के लिए पैसे देने की बात कही गई थी। दरअसल, कुछ महिलाओं और ग्रामीणों ने करण चंद्र सोरेन नामक व्यक्ति पर प्रति फॉर्म ₹100 वसूली का आरोप लगाया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ‘मंईयां योजना’ के तहत किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाना है और भविष्य में इस तरह की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
























