- केसरदा ओवरब्रिज पर हादसा, गंभीर रूप से घायल युवक ने बारिपदा मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के केसरदा ओवरब्रिज पर मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार नंदू कालिंदी की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही उनके गांव व टोले में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि मंगलवार शाम नंदू कालिंदी अपनी बाइक से गुजर रहे थे, तभी एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें बहरागोड़ा सीएचसी पहुंचाया। जहां उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारिपदा रेफर कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिरसानगर लूट कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में आत्मसमर्पण के बाद भेजा गया जेल
बारिपदा ले जाए जाने के बावजूद भी नंदू कालिंदी की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और बुधवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीछे उनकी पत्नी, 19 वर्षीय पुत्र और दो बेटियां रह गई हैं, जो घटना के बाद से लगातार रो-रोकर बेहाल हैं। पोस्टमार्टम के बाद जब नंदू कालिंदी का शव गांव पहुंचा, तो पूरे टोले में मातम छा गया और लोग उनके घर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे। क्षेत्र के लोगों ने अज्ञात ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
























