शटडाउन विवाद को लेकर उग्र भीड़ ने कर्मियों से की मारपीट, सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़
बिजलीकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बरसोल थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथपुर पावर सब स्टेशन (PSS) में मंगलवार देर रात बिजली आपूर्ति को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। जानकारी के अनुसार बेनाशोली क्षेत्र में बिजली जोड़ने के लिए साइड लाइन शटडाउन नहीं दिए जाने से नाराज 35 से 40 अज्ञात लोगों की भीड़ अचानक पावर सब-स्टेशन परिसर में घुस गई। आरोप है कि उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर और हेल्पर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद कार्यालय में रखी कुर्सियां, टेबल और इलेक्ट्रिक कूलर समेत कई सरकारी सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में दहशत का माहौल व्याप्त है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : हाथी-मानव संघर्ष रोकने के लिए एआई कैमरा पहल का भाजपा नेता चुनु माहाली ने किया स्वागत
कनीय अभियंता के बयान पर दर्ज हुआ मामला, पुलिस कर रही छापेमारी
घटना के बाद कनीय अभियंता अमीर हमजा के बयान पर बरसोल थाना में केस संख्या 17/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं घटना से भयभीत बिजलीकर्मियों ने विभागीय अधिकारियों से पावर सब-स्टेशन परिसर में सुरक्षा गार्डों की तैनाती, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि वे दिन-रात आपातकालीन सेवा में लगे रहते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।























